पंजाब 19 फरवरी2026 (दैनिक खबरनामा) पंजाब के जिला से नगर मोहाली छत्तबीर चिड़ियाघर में आयोजित भव्य समारोह के दौरान पंजाब के वन एवं वन्यजीव संरक्षण मंत्री लाल चंद कटारूचक ने बाघिन ‘गौरी’ से जन्मी तीन मादा शावकों का नाम गरिमा, गुंजन और ग़ज़ल रखा। 5 नवंबर को जन्मीं ये तीनों नन्हीं बाघिनें अब तीन माह की हो चुकी हैं और जल्द ही इन्हें बड़े बाड़े में स्थानांतरित किया जाएगा। इनमें दो सफेद और एक भूरे रंग की है। इन नए मेहमानों के साथ चिड़ियाघर में बाघों की कुल संख्या बढ़कर 10 हो गई है।समारोह के दौरान मंत्री ने वन्यजीव संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की दिशा में एक और कदम उठाते हुए चिड़ियाघर के आधिकारिक फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट भी लॉन्च किए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया आज जागरूकता फैलाने का प्रभावी माध्यम है और इससे राज्य सरकार के संरक्षण प्रयासों को नई पहचान मिलेगी।इस अवसर पर मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि अप्रैल माह में चिड़ियाघर अपनी स्थापना के 50 वर्ष पूरे करेगा। इस स्वर्ण जयंती वर्ष को भव्य रूप से मनाने की तैयारी की जा रही है, जिससे वन्यजीव संरक्षण के प्रति लोगों में और उत्साह पैदा हो।
कार्यक्रम में मुख्य वन्यजीव वार्डन बसंता राज कुमार और फील्ड डायरेक्टर नलिन यादव सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।