चंडीगढ़ 19 फरवरी 2026( जगदीश कुमार) चंडीगढ़ स्थित पंजाब सचिवालय और चंडीगढ़ कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। यह धमकी ईमेल के माध्यम से भेजी गई, जिसमें मुख्यमंत्री कार्यालय, पंजाब सचिवालय और चंडीगढ़ कोर्ट में विस्फोट करने की बात कही गई थी। धमकी भरा ईमेल सामने आते ही पुलिस और प्रशासन तुरंत अलर्ट हो गया और सुरक्षा व्यवस्था को सख्त कर दिया गया।सूचना मिलते ही सचिवालय परिसर को खाली कराया गया और आसपास के पूरे इलाके को सील कर दिया गया। इसके साथ ही हरियाणा सचिवालय को भी सतर्क कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि धमकी भरे ईमेल का स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, हालांकि अभी तक पुलिस या प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मौके पर पुलिस बल, CRPF, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीमों को तैनात कर दिया गया है। पूरे परिसर में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और संदिग्ध वस्तुओं की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों द्वारा हर आने-जाने वाले व्यक्ति पर नजर रखी जा रही है।पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है और सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हुई हैं।