चंडीगढ़ 17 मार्च 2026 (दैनिक खबरनामा) चंडीगढ़ शहर को खुले में शौच मुक्त (ODF) घोषित करने के दावों के बीच सेक्टर-7 की मध्यमार्ग स्थित बूथ मार्केट की हालत इन दावों की हकीकत उजागर कर रही है। लोकभवन से महज 1200 मीटर की दूरी पर स्थित इस मार्केट में पिछले करीब 10 वर्षों से सार्वजनिक शौचालय बंद पड़ा है, जिससे लोग खुले में शौच करने को मजबूर हैं।मार्केट में चारों ओर गंदगी फैली हुई है। शौचालय के बाहर ‘टॉयलेट बैक साइड’ का निशान बना है, लेकिन अंदर की हालत खंडहर जैसी है। दरवाजे टूटे हुए हैं, शीशा चकनाचूर है और भीतर लकड़ी व कबाड़ रखा हुआ है। छत पर पेड़ की टहनियां उग आई हैं और ढांचा भी जर्जर हो चुका है।इसका सबसे ज्यादा असर महिलाओं पर पड़ रहा है, जिन्हें भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। दुकानदारों और ग्राहकों दोनों का कहना है कि कई बार पार्षद और अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।
स्थानीय दुकानदार राजेश गुप्ता के अनुसार, मार्केट में सफाई का बुरा हाल है और बारिश के समय स्थिति और खराब हो जाती है। वहीं बीरेंद्र सिंह का कहना है कि नेता केवल चुनाव के समय ही नजर आते हैं।सुनील गोगना ने प्रशासन से दौरा करने की मांग करते हुए कहा कि इससे समस्याओं का समाधान हो सकता है। संजीव पाहवा ने ODF दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जमीनी हकीकत कुछ और ही है।स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि जर्जर ढांचा कभी भी हादसे का कारण बन सकता है और प्रशासन को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।