पंजाब 16 मार्च 2026 (दैनिक खबरनामा) पंजाब विधानसभा के बजट सत्र के अंतिम दिन सोमवार (16 मार्च) को आम आदमी पार्टी (AAP) अपने विरोधियों पर काफी आक्रामक नजर आई। गैस सिलेंडरों की कथित किल्लत और अंतरराष्ट्रीय हालातों के कारण सप्लाई पर पड़े असर को लेकर AAP के विधायकों और मंत्रियों ने विधानसभा के बाहर और अंदर केंद्र की बीजेपी सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।सोमवार सुबह AAP के विधायक और मंत्री पूरी तैयारी के साथ विधानसभा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्रतीकात्मक तौर पर चोले पहनकर विरोध जताया और इजराइल-ईरान के बीच तनाव के कारण पैदा हुई सिलेंडर समस्या का मुद्दा उठाया। विधायक और मंत्री इसी वेशभूषा में सदन के भीतर भी पहुंचे और केंद्र सरकार तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी की।सत्र के दौरान AAP नेता और वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने दलित नेता कांशीराम को भारत रत्न देने का प्रस्ताव पेश किया। कांग्रेस नेताओं प्रताप सिंह बाजवा और सुखविंदर सिंह सुक्खी ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया। बाजवा ने कहा कि यह फैसला सामाजिक न्याय की भावना से प्रेरित है। वहीं चीमा ने बताया कि रोपड़ स्थित कांशीराम के गांव के स्कूल का नाम उनके नाम पर रखने और लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से उसे अपग्रेड करने की योजना है।
सत्र के दौरान कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा के बैंड-बाजा” वाले बयान के खिलाफ भी निंदा प्रस्ताव पेश किया गया। AAP विधायक मनजीत सिंह बिलासपुर द्वारा पेश किए गए इस प्रस्ताव का कांग्रेस विधायकों और बाजवा ने विरोध किया और डिप्टी स्पीकर के खिलाफ नारेबाजी करते हुए वॉकआउट कर दिया।कांग्रेस के वॉकआउट के बाद निंदा प्रस्ताव सदन में सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। इसके बाद पंजाब विधानसभा की कार्यवाही को स्थगित कर दिया गया।