नई दिल्ली 26 जनवरी 2026( दैनिक खबरनामा) नई दिल्ली।
पाकिस्तान-प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ वर्ष 2025 में चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर के दौरान अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का सशक्त पक्ष रखने वाली भारतीय सेना की वरिष्ठ अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी को 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें “उच्च कोटि की विशिष्ट सेवा” के लिए प्रदान किया गया।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर 70 सशस्त्र बल कर्मियों को वीरता पुरस्कार तथा 301 सैन्य अलंकरणों को मंजूरी दी। इनमें 30 परम विशिष्ट सेवा मेडल, 4 उत्तम युद्ध सेवा मेडल, 56 अति विशिष्ट सेवा मेडल, 9 युद्ध सेवा मेडल, 43 सेना मेडल (विशिष्ट), 8 नौसेना मेडल (विशिष्ट), 14 वायु सेना मेडल (विशिष्ट) और 135 विशिष्ट सेवा मेडल शामिल हैं।कौन हैं कर्नल सोफिया कुरैशी?कर्नल सोफिया कुरैशी वर्ष 2016 में भारतीय सेना की पहली महिला अधिकारी बनीं जिन्होंने किसी बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास में भारतीय सेना के दल का नेतृत्व किया। उन्होंने ‘एक्सरसाइज फोर्स-18’ में 40 सदस्यीय भारतीय टुकड़ी का नेतृत्व किया, जो ह्यूमैनिटेरियन माइन एक्शन (HMA) पर केंद्रित थी। इस अभ्यास में आसियान-प्लस देशों ने भाग लिया था।गुजरात के वडोदरा में 1974 में जन्मी सोफिया कुरैशी एक सैन्य परिवार से आती हैं। उन्होंने महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी से 1997 में बायोकेमिस्ट्री में परास्नातक की डिग्री प्राप्त की। उनके दादा भारतीय सेना में धार्मिक शिक्षक रहे हैं।कर्नल कुरैशी ने ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी (OTA), चेन्नई से कमीशन प्राप्त किया, जहां उनकी रणनीतिक सोच और सिग्नल इंटेलिजेंस में उत्कृष्टता के लिए विशेष पहचान बनी।ऑपरेशन सिंदूर में अहम भूमिका ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत सरकार की ओर से की गई आधिकारिक प्रेस ब्रीफिंग में कर्नल सोफिया कुरैशी और भारतीय वायुसेना की विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने संयुक्त रूप से मीडिया को ऑपरेशन की विस्तृत जानकारी दी। उनकी संयमित शैली, स्पष्ट संवाद और आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुति को देश-विदेश में सराहा गया।
ऑपरेशन पराक्रम में भी निभाई थी निर्णायक भूमिका कर्नल कुरैशी ने 2001 में संसद पर आतंकी हमले के बाद चले ऑपरेशन पराक्रम के दौरान पंजाब सीमा पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें तत्कालीन जीओसी-इन-सी द्वारा कमेंडेशन कार्ड से सम्मानित किया गया था।महिला सशक्तिकरण की मिसाल
कर्नल सोफिया कुरैशी भारतीय सेना में महिला नेतृत्व, साहस और पेशेवर उत्कृष्टता की प्रतीक बन चुकी हैं। विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित होना न केवल उनके व्यक्तिगत योगदान की पहचान है, बल्कि यह भारतीय सेना में महिलाओं की बढ़ती भूमिका को भी रेखांकित करता है।