चंडीगढ़ 6 फरवरी 2026 (दैनिक खबरनामा ) चंडीगढ़। पंजाब विश्वविद्यालय (पीयू) में आज से तीन दिवसीय रोज़ फेस्टिवल की भव्य शुरुआत हो गई। फेस्टिवल का उद्घाटन पीयू की योजना रावत ने किया। उद्घाटन के दौरान उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि विश्वविद्यालय समुदाय को एकजुट करने का सशक्त मंच भी है। उन्होंने बताया कि आने वाले तीन दिनों तक विश्वविद्यालय परिसर रंगों, संगीत, कला और सांस्कृतिक गतिविधियों से सराबोर रहेगा।यह पंजाब विश्वविद्यालय का 15वां रोज़ फेस्टिवल है, जिसे खास तौर पर विश्वविद्यालय के कर्मचारियों, उनके परिवारों और छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित किया गया है। इस आयोजन में विभिन्न विभागों के कर्मचारी अपने परिवारों के साथ शामिल हो रहे हैं, वहीं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।फेस्टिवल के दौरान परिसर में खाने-पीने, पारंपरिक व्यंजन, हस्तशिल्प, कला प्रदर्शनी और सजावटी वस्तुओं के कई आकर्षक स्टॉल लगाए गए हैं। बच्चों के लिए झूले और मनोरंजन के साधन भी विशेष आकर्षण बने हुए हैं।
आयोजकों के अनुसार, फेस्टिवल में सांस्कृतिक कार्यक्रम, संगीत प्रस्तुतियां और रंगारंग गतिविधियां मुख्य आकर्षण रहेंगी, जो आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक विविधता को बढ़ावा देंगी।