चंडीगढ़ 10 फरवरी 2026 ( दैनिक खबरनामा ) चंडीगढ़ के सेक्टर-40 स्थित कम्युनिटी सेंटर में नगर निगम के सहयोग से आयोजित एरिया पार्षद गुरबख्श रावत का कार्यक्रम उस समय विवादों में घिर गया, जब स्थानीय निवासियों ने कार्यक्रम के दौरान ही खड़े होकर नाराजगी जाहिर कर दी। कार्यक्रम में नगर निगम के अधिकारी और क्षेत्र के कई रेजिडेंट मौजूद थे, लेकिन इसी बीच सेक्टरवासियों ने अपने इलाके की बदहाल हालत को लेकर जमकर रोष प्रकट किया।रेजिडेंट्स का कहना था कि सेक्टर-40 में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा चुकी है। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं और पार्कों की हालत लगातार बिगड़ रही है, जिससे लोगों का वहां घूमना तक मुश्किल हो गया है। लोगों ने आरोप लगाया कि पिछले चार सालों से पार्षद क्षेत्र में नजर नहीं आईं और अब अचानक कार्यक्रम आयोजित कर औपचारिकता निभाई जा रही है।
स्थानीय निवासियों ने इस बात पर भी आपत्ति जताई कि जब वार्ड की बुनियादी समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं, तब कूड़े से खाद बनाने जैसे विषयों पर जानकारी देना जनता का ध्यान असल मुद्दों से भटकाने जैसा है। रेजिडेंट्स ने मौके पर मौजूद अधिकारियों के सामने साफ शब्दों में कहा कि वे अब अपने इलाके की लगातार हो रही अनदेखी को लेकर चुप नहीं बैठेंगे और नगर निगम को जल्द ठोस कार्रवाई करनी होगी।