हिमाचल प्रदेश 13 जनवरी ( दैनिक खबरनामा) हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में जनवरी माह के मौसम ने इस बार कई रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। 32 साल बाद जनवरी में शिमला का न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। लंबे समय से बारिश और बर्फबारी न होने से जहां ठंड का असर कमजोर पड़ा है, वहीं किसान और बागवान चिंतित हैं।हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में इस बार जनवरी का मौसम असामान्य बना हुआ है। आमतौर पर कड़ाके की ठंड के लिए पहचाने जाने वाले शिमला में रविवार रात न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 32 वर्षों में जनवरी का सबसे अधिक न्यूनतम तापमान है। इससे पहले वर्ष 1994 में जनवरी के दौरान न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, सामान्य तौर पर जनवरी में शिमला का न्यूनतम तापमान 1 से 3 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है, लेकिन इस बार पश्चिमी विक्षोभ की लंबे समय से निष्क्रियता और शुष्क मौसम के कारण तापमान में असामान्य बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। इसका सीधा असर बर्फबारी पर पड़ा है और पहाड़ों में बर्फ गिरने का इंतजार लगातार लंबा होता जा रहा है।ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड का असर बरकरार प्रदेश के उच्च पर्वतीय जिलों लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा और कुल्लू में हालांकि सर्दी का असर अब भी कायम है। इन क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है। लाहौल-स्पीति और किन्नौर में कई स्थानों पर नदियां और जलस्रोत जमने लगे हैं, जबकि सुबह और शाम कड़ाके की ठंड लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर रही है।मैदानी जिलों में कोहरा बना परेशानी
वहीं ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर जैसे मैदानी और निचले इलाकों में घने कोहरे के कारण शीतलहर का असर बढ़ गया है। सुबह और देर रात दृश्यता बेहद कम रहने से सड़क यातायात प्रभावित हो रहा है। हालांकि सोमवार को शिमला समेत कई जिलों में सुबह धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिली और तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
16 से 18 जनवरी के बीच बदल सकता है मौसम मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 16 से 18 जनवरी के बीच पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने का पूर्वानुमान जताया है। इसके प्रभाव से उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी और मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश की संभावना है। यदि ऐसा हुआ तो लंबे समय से सूखे पड़े क्षेत्रों को राहत मिल सकती है और सर्दी का वास्तविक असर भी देखने को मिलेगा।सोमवार को शिमला में अधिकतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि धर्मशाला में 19.1, ऊना में 16.2, हमीरपुर और नाहन में 19.0, सोलन में 20.6, मनाली में 16.2, कांगड़ा में 20.3 और मंडी में 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।प्रदेश में दर्ज न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
कुकुमसेरी: -9.6 ताबो: -7.8 सोलन: 1.2 सुंदरनगर: 1.3 हमीरपुर: 1.6 ऊना: 2.0 मनाली: 2.1कल्पा: 2.4 मंडी:2.4
धर्मशाला: 2.6 कांगड़ा: 3.0 बिलासपुर: 4.5 नाहन: 5.3 पांवटा साहिब: 6.0 रिकांगपिओ: 6.4 कुफरी: 6.8 शिमला: 8.8 दर्ज किया गया |

Share to :
Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You May Also Like

हरियाणा के सभी स्कूलों में 17 जनवरी तक शीतकालीन अवकाश बढ़ा

पंचकूला, 15 जनवरी (दैनिक खबरनामा)हरियाणा सरकार के विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने प्रदेश…
Share to :

हिमाचल बजट सत्र में खुलासा जल जीवन मिशन के पैसों से बने 12 रेस्ट हाउस, 26 करोड़ पर केंद्र ने लगाई रोक

हिमाचल प्रदेश 20 फरवरी 2026( दैनिक खबरनामा ) Himachal Pradesh विधानसभा के…
Share to :

हिमाचल में परिवहन सेवाएं पूरी तरह ऑनलाइन लाइसेंस, परमिट, फिटनेस अब घर बैठे, मार्च तक लागू होगी नई व्यवस्था

हिमाचल प्रदेश 21 जनवरी( दैनिक खबरनामा ) शिमला। हिमाचल प्रदेश में अब…
Share to :

पांगी को मिली नई उम्मीद बीआरओ चीफ इंजीनियर का किलाड़ दौरा, सड़कें होंगी जल्द चकाचक

किलाड़ (चंबा)पांगी घाटी के लोगों के लिए शनिवार का दिन नई उम्मीदों…
Share to :