पंजाब 19 फरवरी 2026 (जगदीश कुमार) पंजाब में
भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने राज्य में 8वीं, 10वीं और 12वीं कक्षाओं की बोर्ड परीक्षाओं को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं। इस वर्ष 8.18 लाख से अधिक विद्यार्थी परीक्षाओं में शामिल हो रहे हैं।पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड ने राज्य भर में कुल 6,792 परीक्षा केंद्र स्थापित किए हैं, जिनमें 8वीं के लिए 2,307, 10वीं के लिए 2,367 और 12वीं के लिए 2,118 केंद्र शामिल हैं। परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी के लिए 5,600 से अधिक अधिकारी एवं कर्मचारी तैनात किए गए हैं, जिनमें 2,469 सुपरिंटेंडेंट और 3,193 डिप्टी सुपरिंटेंडेंट शामिल हैं।नकल और किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोकने के लिए 384 उड़न दस्ते गठित किए गए हैं, जिनमें 111 विशेष टीमें भी शामिल हैं। ये टीमें परीक्षा केंद्रों पर अचानक निरीक्षण करेंगी।शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि प्रश्न पत्रों की रीयल-टाइम ट्रैकिंग और जीरो लीकेज सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने अपनी तरह की पहली तकनीकी पहल ‘एम.ए.टी.क्यू. ऐप’ लॉन्च की है। उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में धारा 144 लागू की गई है ताकि अनधिकृत लोगों की भीड़ पर रोक लगाई जा सके।श्री बैंस ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि परीक्षाएं ज्ञान की आज़माइश होती हैं और विद्यार्थियों को निडरता, आत्मविश्वास और ईमानदारी के साथ परीक्षा देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार का पारदर्शी शिक्षा का सपना साकार हो रहा है और राज्य में सुचारू रूप से परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं।