दैनिक खबरनामा। कटड़ा, 9 जून: जम्मू-कश्मीर को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत रियासी पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कुख्यात और आदतन नशा तस्करों को पीआईटी-एनडीपीएस (प्रिवेंशन ऑफ इलिसिट ट्रैफिक इन नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंसेज) अधिनियम के तहत हिरासत में लेकर जिला जेल राजौरी भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सुरेश कुमार उर्फ बंटू निवासी मतियाल, कटड़ा और हुसैन मोहम्मद निवासी चंबा, चंडवा, तहसील कटड़ा, जिला रियासी के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ जम्मू संभागीय आयुक्त रमेश कुमार (आईएएस) द्वारा जारी निरोधात्मक आदेशों के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार सुरेश कुमार उर्फ बंटू के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। इनमें थाना कटड़ा में दर्ज एफआईआर संख्या 116/2024, 236/2025 और 145/2026 शामिल हैं। वहीं हुसैन मोहम्मद के खिलाफ भी नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े कई मामले दर्ज हैं, जिनमें एफआईआर संख्या 51/2023 और 122/2026 प्रमुख हैं।
जांच में सामने आया कि दोनों आरोपित लंबे समय से अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय थे और विशेष रूप से युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेल रहे थे। उनकी आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए रियासी पुलिस ने विस्तृत डोजियर और संबंधित दस्तावेज तैयार कर सक्षम प्राधिकारी को भेजे थे।
रिकॉर्ड और साक्ष्यों की समीक्षा के बाद संभागीय आयुक्त जम्मू ने दोनों आरोपितों के विरुद्ध पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट के तहत निरोधात्मक हिरासत के आदेश जारी किए। इसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर जिला जेल राजौरी में दाखिल कर दिया।
रियासी पुलिस ने कहा कि नशा तस्करी में संलिप्त तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने और जिले को नशामुक्त बनाने के लिए ऐसे आदतन अपराधियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।