दैनिक खबरनामा । ऊधमपुर/रामबन, 23 जून : जिला मजिस्ट्रेट रामबन के आदेशों की अवहेलना करने पर रामबन पुलिस ने किरायेदार सत्यापन अभियान के तहत दो मकान मालिकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। बाहरी व्यक्तियों को किराये पर रखने के बावजूद उनकी जानकारी पुलिस को उपलब्ध नहीं कराने पर यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और किरायेदारों के अनिवार्य सत्यापन को सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान थाना चंद्रकोट की टीम ने जांच की। इस दौरान पाया गया कि चंद्रकोट क्षेत्र के निवासी संसार सिंह और हेम्मा कोतवाल ने अपने मकानों में बाहरी व्यक्तियों को किराये पर रखा था, लेकिन इसकी सूचना संबंधित पुलिस थाने को नहीं दी।
जांच में यह भी सामने आया कि दोनों मकान मालिकों ने जिला मजिस्ट्रेट रामबन द्वारा जारी अधिसूचना के तहत किरायेदारों का विवरण थाना चंद्रकोट में जमा नहीं कराया और न ही उनके आगमन की जानकारी पुलिस को दी। इसे आदेशों का गंभीर उल्लंघन मानते हुए पुलिस ने दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
सभी मकान मालिकों से सत्यापन कराने की अपील
रामबन पुलिस ने जिले के सभी मकान मालिकों, संपत्ति स्वामियों और घर मालिकों से अपील की है कि वे किरायेदारों का सत्यापन अनिवार्य रूप से करवाएं और उनका पूरा विवरण समय रहते निकटतम पुलिस थाने में जमा कराएं। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण के लिए यह प्रक्रिया बेहद महत्वपूर्ण है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन के निर्देशों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में रह रहे बाहरी व्यक्तियों का रिकॉर्ड तैयार कर सुरक्षा तंत्र को और अधिक प्रभावी बनाना है।