मुख्यमंत्री भगवंत मान ने डेरा सचखंड बल्लां में रखा नींव पत्थर, 10.4 एकड़ में बनेगा केंद्र; दुनिया भर में गुरु जी के संदेश को पहुंचाने का लक्ष्य
दैनिक खबरनामा | करतारपुर (जालंधर), 9 अगस्त 2026. पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने श्री गुरु रविदास जी महाराज की पवित्र बाणी, जीवन, दर्शन और शिक्षाओं के व्यापक अध्ययन एवं शोध को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार को डेरा सचखंड बल्लां में ‘श्री गुरु रविदास जी बाणी अध्ययन केंद्र’ का नींव पत्थर रखा। इस अवसर पर डेरा सचखंड बल्लां के पद्मश्री संत निरंजन दास जी सहित संत समाज की प्रमुख शख्सियतें मौजूद रहीं।
करीब 37 करोड़ रुपये की लागत से 10.4 एकड़ भूमि में बनने वाला यह केंद्र श्री गुरु रविदास जी महाराज की विचारधारा और बाणी के अध्ययन के लिए महत्वपूर्ण संस्थान के रूप में विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केंद्र आने वाली पीढ़ियों के लिए ज्ञान का प्रकाश स्तंभ बनेगा और गुरु जी की शिक्षाओं को दुनिया के कोने-कोने तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगा।
तीन मंजिला प्रशासनिक एवं अध्यापन भवन बनेगा
मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र में तीन मंजिला प्रशासनिक एवं अध्यापन भवन बनाया जाएगा। इसके अलावा लड़कों और लड़कियों के लिए अलग-अलग तीन मंजिला छात्रावास होंगे, जिनमें प्रत्येक छात्रावास में 54 विद्यार्थियों के रहने की सुविधा होगी। अध्यापकों और कर्मचारियों के लिए दो मंजिला भवन भी बनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि केंद्र का कुल आच्छादित क्षेत्र लगभग 96,500 वर्ग फुट होगा। परियोजना पर आने वाला पूरा निर्माण खर्च पंजाब सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। भूमि पर 11 करोड़ रुपये तथा आवश्यक मंजूरियों पर करीब 60 लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं।
गुरु रविदास जी की शिक्षाएं मानवता और समानता का संदेश
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि श्री गुरु रविदास जी महाराज ने जाति-पाति, ऊंच-नीच और सामाजिक भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाते हुए मानवता, समानता, भाईचारे और सम्मान का संदेश दिया। उनकी बाणी एक ऐसे समाज की कल्पना करती है जहां किसी व्यक्ति को भेदभाव या दुख का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि श्री गुरु रविदास जी महाराज की शिक्षाएं आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं और आने वाली पीढ़ियों को समानता एवं इंसानियत का रास्ता दिखाती रहेंगी। नया अध्ययन केंद्र उनकी बाणी और विचारधारा पर शोध को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उनके संदेश को विश्व स्तर पर पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
650वें प्रकाश पर्व पर 100 करोड़ रुपये का बजट
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित सालभर चलने वाले समारोह बड़े स्तर पर आयोजित कर रही है। इसके लिए 100 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है।
उन्होंने बताया कि गुरु जी के जीवन, दर्शन और शिक्षाओं को घर-घर पहुंचाने के लिए 50 मोबाइल वैन पंजाब के सभी 23 जिलों के करीब 13,000 गांवों में जाकर वृत्तचित्र दिखा रही हैं। इनका उद्देश्य गुरु जी के समानता, मानवता और सामाजिक सद्भाव के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है।
शिक्षा को बताया सामाजिक बदलाव का सबसे मजबूत माध्यम
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा लोगों के जीवन को बदलने और समाज से गरीबी तथा अन्य सामाजिक बुराइयों को दूर करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। पंजाब सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार सुधार और नई पहल कर रही है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी आगे बढ़ने के समान अवसर मिल सकें।
उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए बेहतर शिक्षा और प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की तैयारी के अवसर बढ़ाने के परिणाम सामने आ रहे हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार, वर्ष 2021 में सरकारी स्कूलों के 80 विद्यार्थियों ने नीट परीक्षा पास की थी, जबकि 2026 में यह संख्या बढ़कर 881 हो गई है।
पंजाब को शिक्षा के क्षेत्र में आगे ले जाने का दावा
भगवंत सिंह मान ने कहा कि जब उन्होंने मुख्यमंत्री पद संभाला था, तब पंजाब स्कूली शिक्षा के क्षेत्र में काफी पीछे था, लेकिन सरकार के प्रयासों से आज राज्य ने इस क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार किया है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाना और पंजाब की आने वाली पीढ़ियों को सक्षम बनाना है।
संत समाज ने की शिरकत
नींव पत्थर रखने के अवसर पर डेरा सचखंड बल्लां के पद्मश्री संत निरंजन दास जी, बाल नाथ आश्रम के संत प्रगट नाथ जी, कठार के संत परदीप दास जी, संत तेजा सिंह जी, संत निर्मल दास जी जौड़े वाले और संत लेख राज जी सहित संत समाज की प्रमुख शख्सियतें मौजूद रहीं।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा, अमन अरोड़ा, तरुणप्रीत सिंह सौंद, महिंदर भगत, डॉ. रवजोत, हरभजन सिंह ईटीओ और लाल चंद कटारूचक्क, लोकसभा सदस्य डॉ. राज कुमार चब्बेवाल, विधायक बलकार सिंह एवं इंदरजीत कौर मान सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित यह प्रयास गुरु जी के संदेश को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने और समानता पर आधारित समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
