दैनिक खबरनामा | चंडीगढ़, 03 जुलाई 2026. किसानों की आय बढ़ाने और पारंपरिक खेती के साथ बागवानी को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पंजाब सरकार ने मशरूम उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। राज्य सरकार की योजना के तहत किसान मशरूम उत्पादन इकाई स्थापित करने पर 80 हजार रुपये तक की सब्सिडी प्राप्त कर सकते हैं।
बागवानी मंत्री मोहिंदर भगत ने बताया कि बागवानी विभाग की स्टेट प्लान स्कीम के तहत किसानों को मशरूम उत्पादन इकाई स्थापित करने के लिए परियोजना लागत का 40 प्रतिशत, अधिकतम 80 हजार रुपये तक अनुदान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि करीब 2 लाख रुपये की लागत से एक छोटी मशरूम उत्पादन इकाई स्थापित की जा सकती है।
मंत्री ने कहा कि मशरूम की खेती कम भूमि और कम पानी में की जा सकती है, जिससे यह छोटे और सीमांत किसानों के लिए भी लाभकारी विकल्प बनकर उभर रही है। उन्होंने बताया कि लगभग 1800 वर्ग फुट क्षेत्र में एक छोटी उत्पादन इकाई स्थापित की जा सकती है, जिससे कम लागत में बेहतर मुनाफा कमाने की संभावना रहती है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार किसानों को पारंपरिक फसलों के साथ वैकल्पिक और लाभदायक खेती अपनाने के लिए लगातार प्रोत्साहित कर रही है। बागवानी क्षेत्र का विस्तार किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ कृषि क्षेत्र को अधिक टिकाऊ और विविधतापूर्ण बनाने में भी सहायक होगा।
योजना का लाभ लेने के इच्छुक किसानों से अपील करते हुए मोहिंदर भगत ने कहा कि वे अपने नजदीकी जिला बागवानी अधिकारी से संपर्क कर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। विभाग की ओर से किसानों को मशरूम उत्पादन से संबंधित तकनीकी सलाह, प्रशिक्षण और आवश्यक मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि वे इस व्यवसाय को सफलतापूर्वक अपनाकर अपनी आय में वृद्धि कर सकें।