दैनिक खबरनामा। चंडीगढ़, 25 जुलाई: सीबीआई ने चंडीगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रसार भारती के एक्जीक्यूटिव इंजीनियर राय सिंह को रंगे हाथों पकड़ा है। अधिकारी पर एक ठेकेदार का अटका हुआ बिल पास करवाने के एवज में 30 हजार रुपये की घूस मांगने का आरोप है।
मामले की जानकारी देते हुए एजेंसी ने बताया कि शिकायतकर्ता ठेकेदार ने सीबीआई को बताया था कि राय सिंह उसके काम से जुड़ा भुगतान जारी करने के लिए अवैध राशि मांग रहा है। शिकायत की प्राथमिक जांच के बाद सीबीआई ने जाल बिछाया और तय स्थान पर पैसे लेते ही अधिकारी को दबोच लिया।
गिरफ्तारी के बाद राय सिंह से पूछताछ शुरू कर दी गई है। एजेंसी शनिवार को उसे सीबीआई की विशेष अदालत में पेश करेगी।
यह पिछले 48 घंटों में चंडीगढ़ में सीबीआई की दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले एजेंसी ने कर्मचारी भविष्य निधि संगठन यानी ईपीएफओ के प्रवर्तन अधिकारी शुभम त्यागी को भी रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। उस मामले में भी आरोप था कि अधिकारी सरकारी काम के बदले गैरकानूनी तौर पर पैसे मांग रहा था।
सीबीआई ने कहा है कि भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतों पर इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।