दैनिक खबरनामा । राजौरी, 6 अगस्त: जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के नजदीक बुधवार शाम को एक बारूदी सुरंग में धमाका हो गया। इस हादसे में सेना के दो जवान जख्मी हो गए। दोनों का इलाज सेना के अस्पताल में चल रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि मेंढर सेक्टर के कंगा गली इलाके में सेना का विस्फोटक निरोधक दल रोजाना की गश्त पर था। इसी दौरान मिली एक पुरानी लैंडमाइन को निष्क्रिय किया जा रहा था, तभी अचानक वह फट गई। धमाके की चपेट में आने से दो जवान घायल हुए, जिन्हें तुरंत पास के सैन्य अस्पताल ले जाया गया।
सेना के मुताबिक, LoC से सटे सीमांत इलाकों में घुसपैठ रोकने के लिए अग्रिम पोस्टों के पास बारूदी सुरंगें लगाई जाती हैं। बीते दिनों लगातार हुई बारिश की वजह से कई बार ये सुरंगें अपनी जगह से खिसक जाती हैं। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर इन्हें हटाने और निष्क्रिय करने का काम किया जाता है। इसी अभियान के दौरान यह हादसा हुआ।
इसी क्रम में पुंछ के नालवा-देगवार तरवान क्षेत्र में भी एक और घटना सामने आई। यहां काम कर रहे कुछ मजदूरों को जमीन पर जंग लगा हुआ एक संदिग्ध विस्फोटक पड़ा मिला। सूचना मिलते ही सेना की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा मानकों के अनुसार उस वस्तु को वहीं नष्ट कर दिया।