CIK का बड़ा अभियान, कश्मीर के कई जिलों में छापे, ऑनलाइन आतंकी भर्ती नेटवर्क पर शिकंजा
दैनिक खबरनामा। श्रीनगर, 8 अगस्त: काउंटर इंटेलिजेंस कश्मीर यानी CIK ने शनिवार को घाटी में एक साथ कई जगहों पर तलाशी अभियान चलाया। यह कार्रवाई आतंकवाद से जुड़े एक पुराने केस की कड़ी में की गई।
जांच एजेंसी के अधिकारियों ने बताया कि ऑनलाइन माध्यमों के जरिए आतंकवाद को महिमामंडित करने और नौजवानों को आतंकी संगठनों से जोड़ने के आरोपों की पड़ताल के लिए यह कदम उठाया गया।
CIK की टीमों ने श्रीनगर के अलावा बारामूला, शोपियां, अनंतनाग, कुपवाड़ा और बांदीपोरा जिलों में विभिन्न ठिकानों पर दबिश दी। इन जगहों से मामले से जुड़े दस्तावेज और डिजिटल सबूत खंगाले जा रहे हैं।
यह पूरा मामला पुलिस थाना CIK श्रीनगर में दर्ज FIR नंबर 03/2023 के अंतर्गत चल रहा है। इस केस में IPC की धारा 505 और 153-ए के साथ ही गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम कानून UAPA की धारा 13 और 18 लगाई गई हैं।
एजेंसी के अनुसार, आरोप है कि कुछ लोगों ने सोशल मीडिया और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर आतंकी गतिविधियों का प्रचार किया और लोगों को आतंकी संगठनों में शामिल होने के लिए उकसाया। इसी सिलसिले में शनिवार की छापेमारी की गई।
समाचार लिखे जाने तक तलाशी अभियान जारी था। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की जाएगी।