दैनिक खबरनामा | नई दिल्ली, 11 अगस्त 2026. नई दिल्ली के कंस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित छठी राष्ट्रीय संसद सदस्य बैडमिंटन चैंपियनशिप में संगरूर से लोकसभा सदस्य गुरमीत सिंह मीत हेयर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन खिताब अपने नाम किए, जबकि एक वर्ग में उन्हें उपविजेता से संतोष करना पड़ा।
मीत हेयर ने संसद सदस्य पुरुष एकल के फाइनल में उदय श्रीनिवास को रोमांचक मुकाबले में 11-21, 21-17 और 22-20 से हराकर खिताब पर कब्जा किया।
पुरुष युगल वर्ग में मीत हेयर ने के.डी. सिंह के साथ जोड़ी बनाकर आगा सैयद रुहेला और मेधा रघुनंदी रेड्डी की जोड़ी को 21-13, 18-21 और 21-14 से मात दी और दूसरा खिताब अपने नाम किया।
संसद सदस्य एवं साझेदार युगल वर्ग के फाइनल में भी मीत हेयर और बिप्लब मिश्रा की जोड़ी ने शानदार खेल दिखाते हुए अरशद खान और राजीव प्रताप रूडी को 21-10, 21-16 से हराकर चैंपियनशिप की तीसरी ट्रॉफी जीत ली।
हालांकि संसद सदस्य मिश्रित युगल वर्ग में मीत हेयर और रंजीता रंजन की जोड़ी फाइनल मुकाबला जीतने में सफल नहीं रही और उन्हें उपविजेता रहना पड़ा।
चैंपियनशिप में अपने प्रदर्शन पर खुशी जाहिर करते हुए मीत हेयर ने कहा कि संसद सदस्यों के लिए आयोजित यह प्रतियोगिता खेलों से जुड़ने, आपसी मेल-जोल बढ़ाने और शारीरिक तंदुरुस्ती को प्रोत्साहित करने का शानदार अवसर है। उन्होंने कहा कि इस यादगार खेल आयोजन का हिस्सा बनकर उन्हें बेहद खुशी और गर्व महसूस हुआ।
गौरतलब है कि मीत हेयर ने पिछले वर्ष आयोजित संसद सदस्य बैडमिंटन चैंपियनशिप में भी पांच खिताब जीतकर शानदार प्रदर्शन किया था। इस वर्ष तीन खिताब जीतकर उन्होंने एक बार फिर बैडमिंटन के प्रति अपनी प्रतिभा और जुनून का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।