दैनिक खबरनामा। जम्मू18 अगस्त: जम्मू जिले के विजयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव गुड़ा-सलाथिया में मंगलवार सुबह एक विवाहिता का शव घर के कमरे में पंखे से झूलता मिला। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका के मायके वालों ने इसे हत्या बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मृतका की पहचान भावना देवी के रूप में हुई है। वह सुखदेव सिंह की पुत्री और बजालता तूतां खुई की निवासी थीं। उम्र करीब 29 वर्ष बताई गई है। करीब आठ साल पहले उनका विवाह गुड़ा-सलाथिया, अंदराड़ मंडी पंचायत के मोहल्ला निवासी साहूल सलाथिया पुत्र दयाल सिंह के साथ हुआ था। भावना दो बेटों की मां थीं और परिवार के साथ रह रही थीं।
जानकारी के अनुसार मंगलवार की सुबह परिजनों ने जब भावना के कमरे का दरवाजा खोला तो वह पंखे से लटकी मिलीं। सूचना मिलते ही विजयपुर थाना प्रभारी परवेज अहमद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर विजयपुर के आपातकालीन अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर एफएसएल और क्राइम सीन टीम को भी बुलाया गया। टीम ने बेडरूम की बारीकी से जांच की और कुछ नमूने व साक्ष्य एकत्र कर जांच के लिए भेजे।
इसी बीच मायके पक्ष के लोग भी अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने इस मौत को संदेहास्पद बताते हुए आरोप लगाया कि ससुराल वालों की भूमिका की जांच होनी चाहिए। परिजनों ने जिला प्रशासन और पुलिस से मांग की कि यदि जांच में ससुराल पक्ष दोषी पाए जाएं तो उनके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए।
पोस्टमार्टम के बाद गुस्साए मायके पक्ष के लोगों ने शव को गुड़ा रूट पर रखकर विरोध प्रदर्शन किया। मौके पर मौजूद पुलिस और थाना प्रभारी के समझाने के बाद स्थिति नियंत्रित हुई। बाद में पुलिस की मौजूदगी में शव को ससुराल गुड़ा-सलाथिया लाया गया, जहां से अंतिम यात्रा निकालकर दोपहर बाद स्थानीय देविका घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।
विजयपुर पुलिस ने विवाहिता की संदिग्ध मौत के संबंध में मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल की जांच के बाद ही मौत के सही कारण स्पष्ट हो पाएंगे।