दैनिक खबरनामा। मोहाली, 27 सितंबर: 29 सितंबर की शाम मोहाली का आसमान एक अनोखे नजारे से रोशन होने वाला है। गुरु रविदास महाराज के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में सेक्टर-79 स्थित एमिटी इंटरनेशनल स्कूल के सामने दशहरा ग्राउंड में भव्य ड्रोन शो का आयोजन किया जाएगा, जिसमें करीब 500 ड्रोन एक साथ उड़ान भरेंगे।
शाम 6:30 बजे शुरू होने वाले इस शो में अत्याधुनिक तकनीक और रोशनी के जरिए गुरु रविदास जी के जीवन, उनकी बाणी और शिक्षाओं को आकाश में जीवंत किया जाएगा। ड्रोन के माध्यम से आसमान में अलग-अलग आकृतियां और दृश्य बनाकर उनकी गाथा को दर्शाया जाएगा।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य गुरु रविदास जी के समानता, भाईचारा और सांझीवालता के संदेश को आकर्षक और आधुनिक अंदाज में लोगों तक पहुंचाना है। जिला प्रशासन के मुताबिक बड़ी संख्या में संगत और शहरवासियों के आने की उम्मीद है, जिसके चलते सुरक्षा, ट्रैफिक और पार्किंग की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
प्रशासन ने अधिकारियों को दिए निर्देश
डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल ने कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सभी संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं। पुलिस विभाग को सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखने, यातायात सुचारू बनाए रखने और पार्किंग प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।
एसडीएम मोहाली दमनदीप कौर को विभिन्न विभागों के साथ तालमेल कर पीने के पानी, लंगर, बैठने की व्यवस्था, मेडिकल टीम, साफ-सफाई और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है।
विधायक कुलवंत सिंह ने मोहाली निवासियों से अपील की है कि वे अपने परिवार और बच्चों के साथ इस ड्रोन शो को देखने जरूर पहुंचें। उन्होंने कहा कि यह शो गुरु रविदास जी के जीवन और मानवता को दिए उनके संदेशों को याद करने का एक खास मौका होगा।