कला और मनोरंजन जगत की हस्तियां युवाओं को नशे से दूर रखने में निभा सकती हैं अहम भूमिका : गुलाब चंद कटारिया
चंडीगढ़, 20 नवंबर। प्रसिद्ध पंजाबी एवं बॉलीवुड अभिनेत्री प्रीति सप्रू ने आज पंजाब लोक भवन में पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान पंजाब में युवाओं के बीच बढ़ती नशे की समस्या पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने इस सामाजिक बुराई के खिलाफ व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
मुलाकात के दौरान प्रीति सप्रू ने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सरकार, सामाजिक संगठनों और समाज के प्रत्येक वर्ग को मिलकर प्रयास करने होंगे। उन्होंने नशे के खिलाफ राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए पंजाब और चंडीगढ़ में उनके नेतृत्व में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की इच्छा भी जताई।
राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने प्रीति सप्रू की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में समाज की प्रतिष्ठित हस्तियों की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। कला, संस्कृति और मनोरंजन जगत से जुड़ी जानी-मानी हस्तियां अपने प्रभाव और लोकप्रियता के माध्यम से युवाओं तक सकारात्मक संदेश पहुंचाने के साथ उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित कर सकती हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब और चंडीगढ़ को स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों को एकजुट होकर निरंतर प्रयास करने की जरूरत है। नशे के खिलाफ यह लड़ाई केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि जनभागीदारी और सामूहिक संकल्प से ही सफल हो सकती है।