पंजाब 22 मार्च 2026( दैनिक खबरनामा ) अमृतसर में पंजाब वेयरहाउस कॉरपोरेशन के जिला मैनेजर (डीएम) गगनदीप सिंह रंधावा की आत्महत्या के बाद पंजाब की राजनीति में भारी उबाल आ गया है। इस मामले में पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शिरोमणि अकाली दल और भाजपा समेत सभी विपक्षी दल एकजुट हो गए हैं। रविवार को बड़ी संख्या में विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय का घेराव किया और सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए चंडीगढ़ पुलिस ने भारी बैरिकेडिंग की और जब भीड़ आगे बढ़ने लगी तो उन्हें तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया। अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा कि यदि लालजीत सिंह भुल्लर ने इस्तीफा दे दिया है तो उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए, क्योंकि कोई भी व्यक्ति कानून से ऊपर नहीं है।मृतक रंधावा की पत्नी उपिंदर कौर ने आरोप लगाया कि पूर्व मंत्री और उनके सहयोगियों की प्रताड़ना के कारण ही उनके पति ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। उनका कहना है कि उनके पति को जान से मारने और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकियां दी जा रही थीं। परिवार ने आरोपियों की गिरफ्तारी तक पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार न करने का फैसला किया है और सुरक्षा की मांग भी की है।विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने परिवार से मुलाकात के बाद इस मामले की जांच केंद्रीय एजेंसी सीबीआई से कराने की मांग की है, ताकि निष्पक्ष जांच हो सके और पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।