पंजाब 22 फरवरी 2026 (दैनिक खबरनामा) पंजाब मोहाली के गांव सरसीनी के पास लिंक रोड पर एक व्यक्ति को पेड़ से बांधकर मोबाइल फोन और नकदी लूटने की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को लालड़ू पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस छापेमारी के दौरान दो आरोपी इमारत से कूदकर भागने की कोशिश में घायल हो गए, जिनके पैर फ्रैक्चर हो गए। एक घायल आरोपी का इलाज सिविल अस्पताल डेराबस्सी में चल रहा है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजीत सिंह निवासी लैहली, गुरजिंदर सिंह निवासी लैहली और परविंदर सिंह निवासी जलालपुर के रूप में हुई है। एसपी बिक्रमजीत सिंह बराड़ ने बताया कि 13 फरवरी को बाइक सवार तीन अज्ञात युवकों ने सरसीनी मार्ग पर एक व्यक्ति को रोका। आरोपियों ने उसे रस्सी से पेड़ से बांध दिया और उसका मोबाइल फोन व नकदी छीनकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर थाना लालड़ू में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।एसएसपी एसएएस नगर के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने मानवीय खुफिया सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। 20 फरवरी को गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस ने लैहली के पास एक सुनसान इमारत में छापा मारा। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगे, इसी दौरान दो आरोपी ऊंचाई से कूद गए और घायल हो गए। इसके बावजूद पुलिस ने तीनों को मौके से काबू कर लिया।पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। अधिकारियों के अनुसार अन्य मामलों में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।