पंजाब 17 मार्च 2026(दैनिक खबरनामा ) पंजाब के लुधियाना में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच और थाना हैबोवाल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सिविल सिटी इलाके के पास स्थित एक मेडिकल स्टोर पर छापेमारी कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाएं बरामद की हैं। मौके से आरोपी राजीव कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है।इंस्पेक्टर नवदीप सिंह संधू के अनुसार, 16 मार्च को गश्त के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चंद्र नगर स्थित “लाइफ मेडिकेयर” मेडिकल स्टोर पर अवैध रूप से नशीली गोलियां बेची जा रही हैं। सूचना के आधार पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रेड की और आरोपी को काबू कर लिया।तलाशी के दौरान स्पास्मोरे कैप्सूल,क्रोमाडोल-100, ट्रामोवेल-100 SR, पनडोले और फ़ेवोफ़ाइन सहित कुल 2376 नशीली गोलियां और कैप्सूल बरामद किए गए।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 22, 61 और 85 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि ये नशीली दवाएं कहां से लाई जा रही थीं और किन-किन लोगों को सप्लाई की जा रही थीं।