पंजाब 20 मार्च 2026 (जगदीश कुमार) पंजाब के मोहाली पुलिस ने सेक्टर-77 स्थित एक कोठी में हुई चोरी के मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 37 तोले सोने के गहने, 1.5 लाख रुपये नकद, एक .30 बोर पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।पुलिस के अनुसार, यह चोरी 14 फरवरी 2026 को हुई थी, जब शिकायतकर्ता अपने रिश्तेदार के घर शादी समारोह में शामिल होने आए थे। रात के समय उनके कमरे से गहनों और अन्य सामान से भरी अटैची चोरी कर ली गई थी। इस संबंध में थाना सोहाना में मामला दर्ज किया गया था।जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी और मानवीय स्रोतों की मदद से आरोपियों का पता लगाया। 11 मार्च को मुख्य आरोपियों को हिमाचल प्रदेश के मैकलोडगंज से गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपी को लुधियाना बस स्टैंड के पास से काबू किया गया।पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी नेहा धमिजा, जो पिछले 4-5 महीनों से घर में बेबी केयर के रूप में काम कर रही थी, ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की साजिश रची थी। उसे घर में रखे कीमती सामान की पूरी जानकारी थी।पुलिस ने बताया कि चोरी की रकम से आरोपियों ने मध्य प्रदेश से अवैध हथियार भी खरीदा था और आगे अन्य वारदातों की योजना बना रहे थे। चोरी के कुछ सामान को आरोपियों ने नीलों नहर में फेंक दिया था।
फिलहाल सभी आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं और मामले की आगे जांच जारी है।