पंजाब 22 फरवरी 2026( दैनिक खबरनामा ) पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के चर्चित गायक गीता जैलदार एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। फगवाड़ा की मशहूर कपड़ों की दुकान “लाडी दी हट्टी” में उनके खिलाफ मारपीट और धमकी देने के आरोप लगे हैं। बताया जा रहा है कि महज 2000 रुपये के कपड़ों को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हंगामे में बदल गया।दुकान मालिक निशांत बतरा के अनुसार, गायक कुछ समय पहले खरीदे गए कपड़े में कथित खराबी को लेकर उसे वापस करने दुकान पहुंचे थे। रिफंड को लेकर शुरू हुई बातचीत जल्द ही तीखी बहस में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान गीता जैलदार ने धक्का-मुक्की की और उनके साथ आए बाउंसरों ने दुकानदार के कपड़े तक फाड़ दिए।
दुकानदार का दावा है कि सिंगर के साथ करीब 11 से 12 लोग मौजूद थे, जिन्होंने कथित तौर पर बदसलूकी की। निशांत बतरा ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें थप्पड़ मारने की धमकी दी गई। घटना के समय दुकान में महिला ग्राहक और स्टाफ भी मौजूद थे, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया।हंगामे के दौरान दुकान में अफरा-तफरी मच गई। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को सूचना दे दी गई है और आगे की कार्रवाई जारी है।फिलहाल इस मामले में गीता जैलदार की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।