पंजाब 6 मार्च 2026( दैनिक खबरनामा ) पंजाब में बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। राज्य में बिजली दरों में रिकॉर्ड कमी करते हुए अलग-अलग श्रेणियों के उपभोक्ताओं को राहत दी गई है। नए टैरिफ आदेश के अनुसार घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बिजली दरों में अधिकतम 1.5 रुपये प्रति यूनिट तक की कमी की गई है, जिससे लाखों परिवारों को सीधे तौर पर फायदा मिलेगा।सिर्फ घरेलू उपभोक्ताओं ही नहीं, बल्कि व्यापारिक और औद्योगिक क्षेत्र को भी राहत दी गई है। व्यावसायिक दुकानों और यूनिट्स के लिए बिजली दरों में 79 पैसे प्रति यूनिट तक कमी की गई है। वहीं औद्योगिक इकाइयों के लिए 74 पैसे प्रति यूनिट तक दरें घटाई गई हैं, जिससे उद्योगों की लागत कम होने और कारोबार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।इसके अलावा इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए ईवी चार्जिंग स्टेशनों की बिजली दर घटाकर 5 रुपये प्रति यूनिट कर दी गई है। यह दर देश की सबसे कम बिजली दरों में से एक मानी जा रही है।नए टैरिफ आदेश में यह भी बताया गया है कि भगवंत मान सरकार के कार्यकाल में पीएसपीसीएल पहली बार एक कुशल और मुनाफा कमाने वाली कंपनी बनी है। बिजली कंपनी को A+ रेटिंग मिली है और वित्त वर्ष 2024-25 में 2634 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया गया है। सरकार का दावा है कि यह सुधार बिजली क्षेत्र में किए गए प्रबंधन और सुधारों का परिणाम है।