पंजाब 13 फरवरी 2026 (जगदीश कुमार) पंजाब हलका विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने आज ज़ीरकपुर नगर काउंसिल क्षेत्र में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण के लिए ‘डॉग स्टरलाइज़ेशन’ (कुत्तों की नसबंदी) मुहिम की औपचारिक शुरुआत की। इस प्रोजेक्ट के तहत लगभग 2000 आवारा कुत्तों की नसबंदी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
विधायक रंधावा ने बताया कि शहर के निवासी लंबे समय से आवारा कुत्तों की समस्या से जूझ रहे थे और स्टरलाइज़ेशन अभियान की मांग कर रहे थे। इस मांग को ध्यान में रखते हुए 39.46 लाख रुपये की लागत से इस प्रोजेक्ट को मंजूरी दी गई है। इसके लिए एक विशेष स्टरलाइज़ेशन सेंटर स्थापित किया गया है, जहां एक समय में 100 कुत्तों को रखा जा सकेगा। नसबंदी के बाद प्रत्येक कुत्ते को चिकित्सकीय निगरानी में रखा जाएगा और पूरी तरह स्वस्थ पाए जाने पर ही छोड़ा जाएगा।उन्होंने बताया कि आवारा कुत्तों के स्थायी समाधान के लिए ‘डॉग सैंक्चुरी’ बनाने का प्रस्ताव भी राज्य सरकार को भेजा गया है, जिसकी अनुमानित लागत 39.46 लाख रुपये है।इसके अलावा विधायक रंधावा ने गांव छत्त (एम.सी. ज़ीरकपुर) में 40.53 लाख रुपये की लागत से नए ट्यूबवेल के निर्माण कार्य की शुरुआत की। बैंक ऑफ बड़ौदा एटीएम से ड्रेनेज और टाइल्स बिछाने के 49.50 लाख रुपये के कार्यों का शुभारंभ भी किया गया।शहर में सीवरेज व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए चार नई ग्रैब बकेट मशीनों को भी हरी झंडी दी गई। 47 लाख रुपये की लागत से खरीदी गई ये मशीनें सीवर मैनहोल की सफाई में सहायक साबित होंगी।
इस अवसर पर ई.ओ. एम.सी. परविंदर सिंह भट्टी, काउंसलर, पार्टी नेता और स्थानीय वार्ड निवासी उपस्थित रहे।