पंजाब 27 जनवरी 2026 (जगदीश कुमार) पंजाब के श्री आनंदपुर साहिब से लोकसभा सांसद मलविंदर सिंह कांग ने मंगलवार को खरड़ शहर में विभिन्न नागरिक समस्याओं की समीक्षा करते हुए आमजन की शिकायतें सुनीं और उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान उन्होंने सेक्टर-124 सहित आसपास की कॉलोनियों को जोड़ने वाली 200 फुट चौड़ी सड़क से जुड़ी लंबे समय से लंबित समस्याओं को गंभीरता से सुना।सांसद कांग ने सेक्टर-125 स्थित बुद्धा पार्क के आसपास रहने वाले करीब 4,000 लोगों को पेयजल संकट से जूझते हुए पाया। उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल निर्देश दिए कि पानी की समस्या का जल्द से जल्द समाधान किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।इस अवसर पर सांसद मलविंदर सिंह कांग ने सेक्टर-125 में ऑल इंडिया रिलीफ फाउंडेशन द्वारा संचालित अनाथ एवं निराश्रित विद्यालय में आयोजित बच्चों के कार्यक्रम में भी भाग लिया और बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने फाउंडेशन द्वारा लगाए गए मेडिकल कैंप का भी निरीक्षण किया। फाउंडेशन के चेयरमैन श्री सिद्धू और सुश्री रुचिका शर्मा ने सांसद का स्वागत करते हुए संस्था द्वारा किए जा रहे सामाजिक सेवा कार्यों की जानकारी दी।
सांसद कांग ने निज्जर रोड स्थित एसबीपी होम्स-3 के निवासियों
की समस्याएं भी सुनीं और कई छोटी समस्याओं का मौके पर ही समाधान करवाने के निर्देश दिए।इसके अलावा उन्होंने खरड़–लांडरां रोड की बदहाल स्थिति का जायजा लिया। शावालिक सिटी और ड्रीमलैंड प्रमोटर कार्यालय के पास स्थित कॉलोनियों के निवासियों की शिकायतें सुनते हुए सांसद ने संबंधित विभागों को तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि खरड़–लांडरां रोड की स्थिति को जल्द सुधारा जाएगा, ताकि आम लोगों और राहगीरों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।इस दौरान पूर्व चेयरमैन हाकुम सिंह, अंतर सिंह बराड़ (सीनियर एडवोकेट), जतिंदर राणा (सीनियर नेता) और हरमीत सिंह (इंचार्ज, मालवा एजुकेशन ज़ोन) विशेष रूप से मौजूद रहे। वहीं, ड्रीमलैंड प्रमोटर के परमिंदर सिंह और जसविंदर सिंह ने सांसद का आभार व्यक्त करते हुए जनता की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनने के लिए धन्यवाद दिया।