पंजाब 31 जनवरी 2026 (दैनिक खबरनामा) पंजाब जिला एस.ए.एस. नगर पुलिस ने विभिन्न मामलों में जब्त किए गए वाहनों की नीलामी कर 36.58 लाख रुपये का महत्वपूर्ण राजस्व हासिल किया है। यह जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एस.एस.पी.) हरमनदीप सिंह हांस, आईपीएस ने दी।
एस.एस.पी. ने बताया कि यह नीलामी अभियान 28, 29 और 30 जनवरी 2026 को जिले के आठ पुलिस थानों में चलाया गया, जिसके तहत कुल 351 जब्त वाहनों की सफल नीलामी की गई। यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक, पंजाब द्वारा जारी स्टैंडिंग ऑर्डर्स के अनुसार की गई, ताकि लंबे समय से थानों में खड़े दुर्घटना व अन्य मामलों से संबंधित वाहनों का समय पर निपटारा किया जा सके।इस विशेष अभियान की निगरानी नवनीत सिंह माहल, एसपी (ट्रैफिक) और सौरव जिंदल, एसपी (जांच) द्वारा की गई। नीलामी प्रक्रिया एसपी (ट्रैफिक) की अध्यक्षता में सरकारी नियमों के अनुसार पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न करवाई गई।वाहनों के विवरण साझा करते हुए एस.एस.पी. हरमनदीप सिंह हांस ने बताया कि नयागांव थाना से 23, मुल्लांपुर गरीबदास से 51, माजरी से 20, फेज-1 से 29, सिटी कुराली से 24, ढकोली से 90, डेराबस्सी से 88 और लालड़ू थाना से 26 वाहन नीलामी में शामिल किए गए।एस.एस.पी. ने कहा कि इस तरह की नीलामी मुहिम से न केवल सरकारी आय में बढ़ोतरी होती है, बल्कि पुलिस थानों में अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों की संख्या कम होती है और केस प्रॉपर्टी का कानूनी प्रावधानों के अनुसार सुव्यवस्थित निपटारा भी सुनिश्चित होता है।