पंजाब 19 मार्च 2026 (जगदीश कुमार) पंजाब के मोहाली और बनूर के बाजारों में दुकानदारों व व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए आज फेज-2 मार्केट, मोहाली में एक संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम मोहाली दमणदीप कौर ने की, जबकि जिला ट्रेडर्स कमीशन के चेयरमैन रणजीतपाल सिंह और वाइस चेयरमैन तरलोचन सिंह बैदवान भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।बैठक का उद्देश्य व्यापारियों को आ रही दिक्कतों को सुनना और क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को सुचारू रूप से चलाना सुनिश्चित करना था। इस दौरान ट्रेडर्स कमीशन के पदाधिकारियों ने व्यापारियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को जमीनी स्तर पर उठाकर जल्द समाधान किया जाएगा।बैठक में यह भी बताया गया कि पंजाब में पहली बार मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार ने ट्रेडर्स कमीशन के माध्यम से व्यापारियों के साथ सीधा संवाद स्थापित किया है, जिससे कारोबार को आसान बनाने में मदद मिल रही है।विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने बैठक में हिस्सा लिया और अपने-अपने विभागों से संबंधित समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया। व्यापारियों ने नागरिक सुविधाएं, कानून-व्यवस्था, टैक्स, इंफ्रास्ट्रक्चर, सफाई, बिजली और पानी जैसी समस्याएं उठाईं।अधिकारियों ने सभी मुद्दों के त्वरित समाधान का भरोसा दिया। एसडीएम दमणदीप कौर ने कहा कि जिला प्रशासन व्यापारियों के लिए अनुकूल माहौल बनाने और उनके कार्यों को सुचारू रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।