दैनिक खबरनामा। श्रीनगर, 23 अक्टूबर: आपात स्थिति में मदद चाहिए या साइबर ठगी की शिकायत करनी है तो सोशल मीडिया पर मैसेज करने के बजाय सही हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें। जिला पुलिस बारामूला ने इसको लेकर एक सार्वजनिक सूचना जारी कर लोगों से आधिकारिक माध्यमों का ही इस्तेमाल करने की अपील की है।
पुलिस ने साफ कहा है कि अगर कोई आपात स्थिति है, तत्काल खतरा है या सामने कोई अपराध हो रहा है तो तुरंत 112 नंबर पर कॉल करें। यह इमरजेंसी रिस्पॉन्स सपोर्ट सिस्टम का नंबर है। ऐसे मामलों में फेसबुक पर मैसेज या कमेंट कर मदद का इंतजार करना सही तरीका नहीं है। वहीं साइबर अपराध से जुड़ी शिकायतों के लिए 1930 हेल्पलाइन पर संपर्क करने की सलाह दी गई है।
फेसबुक पेज सिर्फ दिन में होता है मॉनिटर
जिला पुलिस ने बताया कि उनका फेसबुक पेज आमतौर पर ऑफिस टाइम यानी सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक ही मॉनिटर किया जाता है। यह भी स्टाफ की उपलब्धता और काम की जरूरतों पर निर्भर करता है। इस दौरान भेजे गए डायरेक्ट मैसेज और कमेंट का जवाब मिलने में भी देरी हो सकती है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर भेजा गया मैसेज औपचारिक शिकायत का विकल्प नहीं हो सकता। शिकायत दर्ज कराने के लिए नजदीकी थाने या पुलिस चौकी में जाएं या फिर संबंधित हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें।
निजी जानकारी सार्वजनिक न करें
पुलिस ने लोगों को चेतावनी दी है कि वे सार्वजनिक कमेंट में अपनी निजी जानकारी, ओटीपी, पासवर्ड या कोई गोपनीय दस्तावेज साझा न करें। हर मैसेज का व्यक्तिगत जवाब मिलना भी जरूरी नहीं है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे आधिकारिक फेसबुक पेज को फॉलो करें और वहां से पुलिस की सत्यापित अपडेट, ट्रैफिक एडवाइजरी, जन सुरक्षा से जुड़ी सूचनाएं और जागरूकता अभियान की जानकारी लें। साथ ही किसी भी सूचना को आगे शेयर करने से पहले आधिकारिक स्रोत से उसकी पुष्टि जरूर कर लें।
पुलिस के मुताबिक नागरिकों का सहयोग पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल बनाने और सही जानकारी समय पर लोगों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाता है।