पंजाब 6 फरवरी 2026(दैनिक खबरनामा ) पंजाब के जालंधर में शुक्रवार सुबह आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता लक्की ओबेरॉय की गुरुद्वारा साहिब के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोग दहशत में आ गए।जानकारी के अनुसार, वारदात मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारा साहिब के बाहर सुबह करीब 8:15 बजे हुई। लक्की ओबेरॉय गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेककर बाहर निकले ही थे कि बदमाशों ने उनकी थार गाड़ी को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने 8 से 10 राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें से कई गोलियां उनके सीने और सिर में लगीं।
घायल अवस्था में उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। लक्की ओबेरॉय स्थानीय राजनीति में सक्रिय थे और वे पार्षद का चुनाव भी लड़ चुके थे।पुलिस के मुताबिक हमलावर बाइक पर सवार होकर आए थे और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही इन्वेस्टिगेशन टीम और एसपी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान की कोशिश की जा रही है।यह घटना ऐसे समय हुई है जब इससे एक दिन पहले तरनतारन के गांव चीमा खुर्द में AAP के सरपंच गुरभेज सिंह की भी हत्या कर दी गई थी। दो दिन में दो नेताओं की हत्या से प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।इस मामले को लेकर विपक्ष ने सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा और अकाली नेता बिक्रम मजीठिया ने पंजाब में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरा है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है।