चंडीगढ़ 1 फरवरी 2026 ( जगदीश कुमार) चंडीगढ़। कांग्रेस नेता और पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। पार्टी छोड़ते हुए उन्होंने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग पर संगठन को नुकसान पहुंचाने और आम आदमी पार्टी (AAP) से कथित समझौते के आरोप लगाए हैं।डॉ.नवजोत कौर सिद्धू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर अपने फैसले की घोषणा करते हुए कहा कि पार्टी के भीतर ईमानदार और सक्षम नेताओं की आवाज नहीं सुनी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा प्रदेश नेतृत्व निजी स्वार्थों के लिए पार्टी को कमजोर कर रहा है।उन्होंने राजा वड़िंग पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने छोटे फायदे के लिए कांग्रेस को बेचने का काम किया और AAP के साथ अंदरखाने समझ बनाई,जिससे पार्टी की साख और संगठन दोनों को नुकसान पहुंचा है।गौरतलब है कि 8 दिसंबर 2025 को डॉ. नवजोत कौर सिद्धू को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया गया था। निलंबन आदेश में किसी कारण का उल्लेख नहीं किया गया था। आदेश में केवल इतना कहा गया था कि डॉ. नवजोत कौर सिद्धू को तत्काल प्रभाव से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित किया जाता है।इससे पहले डॉ. सिद्धू का एक बयान काफी विवादों में रहा था, जिसमें उन्होंने कहा था कि जो 500 करोड़ रुपये का सूटकेस देता है, वही मुख्यमंत्री बनता है।इसी बयान के बाद पार्टी ने उनके खिलाफ कार्रवाई की थी।कांग्रेस छोड़ने के फैसले के बाद पंजाब की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। फिलहाल डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने अपने अगले राजनीतिक कदम को लेकर कोई स्पष्ट संकेत नहीं दिया है, लेकिन उनके इस फैसले को पंजाब कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
You May Also Like
डिफरेंटली डिफरेंट पंचम’ ने बांधा समां: पंचम दा के अमर गीतों से सजी संगीतमय शाम, हर साल होगा आयोजन
- Kumar
- June 29, 2026
मोहाली में वेरका की नई पहल: मोबाइल वैन से मिलेगा सस्ता खुला दूध, प्लास्टिक कचरा घटाने पर जोर
- Editorial Team
- June 7, 2026
चंडीगढ़ में सोमवार को किसान आंदोलन, कई सड़कें रहेंगी बंद; ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
- Editorial Team
- July 12, 2026
बलटाना के वार्ड-4 में सड़क पर बना खतरनाक गड्ढा, स्थानीय निवासियों में चिंता
- Editorial Team
- June 9, 2026