दैनिक खबरनामा। जम्मू, 6 जून 2026: पवित्र अमरनाथ यात्रा 2026 को लेकर जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस वर्ष बाबा बर्फानी की वार्षिक यात्रा 3 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त 2026 तक चलेगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न स्तरों पर व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में शनिवार को रामबन के उपायुक्त (DC) मोहम्मद अलीजास खान ने यात्रा मार्ग और संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन कार्यों तथा राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रही तैयारियों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान DC मोहम्मद अलीजास खान ने कहा कि अमरनाथ यात्रा के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि यात्रा मार्ग पर कुछ निर्माण कार्य जारी हैं, जिन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा, “हमने निर्माण कार्यों और राष्ट्रीय राजमार्ग की स्थिति का निरीक्षण किया है। सभी कार्य तेजी से प्रगति पर हैं और यात्रा शुरू होने से पहले पूरे कर लिए जाएंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है।”
प्रशासन का दावा है कि यात्रा के दौरान आवास, स्वास्थ्य सेवाओं, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।