दैनिक खबरनामा नई दिल्ली। 28 मई : भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और त्रिपुरा में नए प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति की है। पार्टी नेतृत्व ने आगामी चुनावों और संगठनात्मक विस्तार को ध्यान में रखते हुए यह बदलाव किया है। नई नियुक्तियों के बाद कई राज्यों में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
दिल्ली में पार्टी की कमान सांसद और केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा को सौंपी गई है। वहीं पंजाब में वरिष्ठ नेता केवल सिंह ढिल्लों, हरियाणा में डॉ. अर्चना गुप्ता और त्रिपुरा में अभिषेक देबरॉय को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।
दिल्ली में हर्ष मल्होत्रा को मिली जिम्मेदारी
भाजपा नेतृत्व ने दिल्ली इकाई की कमान हर्ष मल्होत्रा को सौंपते हुए संगठन में नए उत्साह का संकेत दिया है। हर्ष मल्होत्रा वर्तमान में केंद्र सरकार में राज्यमंत्री के रूप में कार्य कर रहे हैं और लंबे समय से पार्टी संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। पार्टी को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में राजधानी में संगठन को नई मजबूती मिलेगी।
हरियाणा में पहली बार महिला प्रदेश अध्यक्ष
हरियाणा भाजपा के इतिहास में पहली बार किसी महिला नेता को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। डॉ. अर्चना गुप्ता को यह जिम्मेदारी सौंपकर पार्टी ने महिला नेतृत्व पर भरोसा जताया है। वह अब तक प्रदेश संगठन में महामंत्री के रूप में कार्य कर रही थीं और संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही थीं।
पानीपत से संबंध रखने वाली डॉ. अर्चना गुप्ता पेशे से रेडियोलॉजिस्ट हैं। पार्टी के भीतर उन्हें मेहनती और संगठन के प्रति समर्पित नेता माना जाता है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा ने हरियाणा में महिला नेतृत्व को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया है।
पंजाब में केवल सिंह ढिल्लों पर भरोसा
पंजाब में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने बड़ा संगठनात्मक बदलाव किया है। पार्टी ने वरिष्ठ नेता केवल सिंह ढिल्लों को पंजाब भाजपा की जिम्मेदारी सौंप दी है। वे लंबे समय से राजनीति और व्यापार जगत में सक्रिय रहे हैं।
बरनाला क्षेत्र से संबंध रखने वाले केवल सिंह ढिल्लों पहले कांग्रेस में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं। बाद में उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया था। पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्रों और कारोबारी वर्ग में भाजपा की पकड़ मजबूत होगी।
त्रिपुरा में अभिषेक देबरॉय बने प्रदेश अध्यक्ष
भाजपा ने पूर्वोत्तर में संगठन को और मजबूत करने के उद्देश्य से अभिषेक देबरॉय को त्रिपुरा प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि उनके अनुभव और संगठनात्मक क्षमता से राज्य में भाजपा को नई ऊर्जा मिलेगी।
चार राज्यों में किए गए इन बदलावों को भाजपा की आगामी राजनीतिक रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। पार्टी अब नए नेतृत्व के सहारे संगठन विस्तार और चुनावी तैयारियों को तेज करने में जुट गई है।



