दैनिक खबरनामा नई दिल्ली। 28 मई : पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस को एक और बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा के पूर्व सदस्य डॉ. शांतनु सेन ने अखिल भारतीय प्रवक्ता पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र पार्टी प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भेजा है।
डॉ. शांतनु सेन ने अपने पत्र में लिखा कि उन्होंने कई कठिन परिस्थितियों में भी पार्टी का मजबूती से पक्ष रखा, भले ही कुछ मुद्दों पर उनकी व्यक्तिगत राय अलग रही हो। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक मंचों और समाचार माध्यमों में उन्होंने हमेशा संगठन की बात लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया।
उन्होंने मौजूदा राजनीतिक हालात और हाल के विवादों का जिक्र करते हुए कहा कि अब पार्टी का बचाव करना उनके लिए संभव नहीं रह गया है। अपने पत्र में उन्होंने आरजी कर प्रकरण, अभया प्रकरण और नौकरी के बदले धन लेने से जुड़े भ्रष्टाचार के आरोपों का उल्लेख किया। उनका कहना था कि इन घटनाओं से जनता में नाराजगी बढ़ी है और लोगों का भरोसा प्रभावित हुआ है।
डॉ. सेन ने कहा कि जनता के निर्णय का सम्मान करते हुए उन्होंने प्रवक्ता पद छोड़ने का फैसला किया है। साथ ही उन्होंने पार्टी नेतृत्व से उनके इस्तीफे को स्वीकार करने की अपील भी की।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि शांतनु सेन का इस्तीफा तृणमूल कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण घटनाक्रम है। वह लंबे समय तक पार्टी का प्रमुख चेहरा रहे हैं और विभिन्न मुद्दों पर संगठन की ओर से खुलकर अपनी बात रखते रहे हैं।