
विदेशी तस्कर से जुड़े थे आरोपी, आठ अत्याधुनिक पिस्तौल बरामद, सूखे मेवे के कारोबार की आड़ में चल रहा था हवाला रैकेट : पुलिस
दैनिक खबरनामा/ ब्यूरो/चंडीगढ़/अमृतसर/08 जून 2026. पंजाब में अपराध और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सीमा पार संचालित अवैध हथियार तस्करी और हवाला नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए एक अफगान नागरिक समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से आठ अत्याधुनिक पिस्तौल, सात जिंदा कारतूस और एक स्कूटर बरामद किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अफगानिस्तान निवासी इस्माइलखेल तौहीद (30), जो वर्तमान में पुणे (महाराष्ट्र) में रह रहा था, तरनतारन जिले के गांव फतेहाबाद निवासी मंगजीत सिंह (20) और शमशेर सिंह (26) तथा अमृतसर के गांव राजाताल निवासी गुरलाल सिंह (42) के रूप में हुई है।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे एक तस्कर के संपर्क में थे, जो गुप्त ठिकानों के माध्यम से हथियारों की खेप भेजता था। ये हथियार बाद में आपराधिक तत्वों तक पहुंचाए जाते थे, जहां से उनका आगे वितरण किया जाना था।
डीजीपी ने कहा कि मामले की गहन जांच जारी है और इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान करने के लिए इसके आगे और पीछे के सभी लिंक खंगाले जा रहे हैं। साथ ही और गिरफ्तारियों तथा बरामदगी की भी संभावना है।
अमृतसर के पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने सबसे पहले मंगजीत सिंह और शमशेर सिंह को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से तीन अवैध पिस्तौल और सात जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
जांच के दौरान पुलिस ने नेटवर्क से जुड़े एक अन्य आरोपी गुरलाल सिंह को गिरफ्तार किया, जिसके पास से तीन और पिस्तौल बरामद हुए। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसके बताए स्थान से दो अतिरिक्त पिस्तौल भी बरामद किए।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि आगे की जांच में अफगान नागरिक इस्माइलखेल तौहीद की भूमिका सामने आई, जिसके बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। जांच में खुलासा हुआ कि वह सूखे मेवों के कारोबार की आड़ में हवाला नेटवर्क संचालित कर रहा था और अवैध हथियार तस्करी से जुड़े वित्तीय लेन-देन को अंजाम दे रहा था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मंगजीत सिंह और शमशेर सिंह एक ही गांव के निवासी हैं और दोनों मिलकर अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मंगजीत सिंह के खिलाफ पहले भी शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज हो चुका है।
पुलिस ने इस मामले में अलग-अलग थानों में दो मुकदमे दर्ज किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने और इसके अंतरराष्ट्रीय संबंधों का पता लगाने के लिए जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।