दैनिक खबरनामा। ऊधमपुर/रामबन, 9 जून: श्री अमरनाथ यात्रा ड्यूटी के लिए जम्मू से कश्मीर जा रहे सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों की एक बस मंगलवार को जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामबन जिले के पीड़ा क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बस के ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है। दुर्घटना में दो जवान घायल हुए हैं, जबकि बस में सवार अन्य सभी जवान सुरक्षित हैं।
जानकारी के अनुसार, बस संख्या JK02AP-4755 में BSF की 90वीं बटालियन की जी कंपनी के जवान सवार थे, जो जम्मू से अनंतनाग जा रहे थे। पीड़ा क्षेत्र के पास बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सबसे पहले आगे चल रही मारुति अर्टिगा टैक्सी (JK11H-2003) को टक्कर मार दी। इसके बाद बस सड़क पर चल रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी।
हादसे में BSF के हेड कांस्टेबल अरवीन कुमार (हिमाचल प्रदेश निवासी) और एएसआई संजीत कुमार (बिहार निवासी) को मामूली चोटें आईं। दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल रामबन पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। वहीं, टैक्सी में सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
दुर्घटना के बाद एहतियातन जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग की श्रीनगर जाने वाली ट्यूब में यातायात कुछ समय के लिए रोक दिया गया। इस दौरान घाटी की ओर जाने वाले वाहनों को जम्मू जाने वाली डाउन ट्यूब से निकाला गया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने और सड़क की सफाई के बाद हाईवे पर यातायात सामान्य कर दिया गया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में बस के ब्रेक फेल होने की बात सामने आई है। अधिकारियों के अनुसार चालक की सूझबूझ और राहत दलों की तत्परता के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।