दैनिक खबरनामा। मोहाली, 9 जून: लंबे समय से चल रही अटकलों और राजनीतिक चर्चाओं के बीच मंगलवार को मोहाली नगर निगम को नया मेयर मिल गया। आम आदमी पार्टी (आप) के पार्षद सरबजीत सिंह समाना को नगर निगम का नया मेयर चुना गया। वहीं आरपी शर्मा को सीनियर डिप्टी मेयर और हरपाल चन्ना को डिप्टी मेयर निर्वाचित किया गया।
सरबजीत सिंह समाना की जीत को उनके पिता और मोहाली के विधायक कुलवंत सिंह के बढ़ते राजनीतिक प्रभाव के तौर पर देखा जा रहा है। कुलवंत सिंह न केवल वर्तमान विधायक हैं, बल्कि पूर्व में मोहाली के मेयर भी रह चुके हैं। नगर निगम में जीतकर आए अधिकांश पार्षदों को भी उनका समर्थक माना जाता है।
पंजाब की सबसे समृद्ध नगर निगमों में शामिल मोहाली में मेयर पद को लेकर कई दिनों से राजनीतिक हलचल बनी हुई थी। सरबजीत सिंह समाना के अलावा डॉ. सनी सिंह आहलूवालिया और सुखदेव सिंह पटवारी के नाम भी चर्चा में थे। हालांकि शुरुआत से ही समाना की दावेदारी सबसे मजबूत मानी जा रही थी।
मेयर चुनाव के दौरान पार्टी में एकजुटता बनाए रखने और किसी भी तरह की गुटबाजी को रोकने के लिए आम आदमी पार्टी पंजाब के अध्यक्ष अमन अरोड़ा स्वयं नगर निगम कार्यालय पहुंचे। चुनाव प्रक्रिया के दौरान क्रॉस वोटिंग की कोई स्थिति नहीं बनी और पार्षदों ने सर्वसम्मति से मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर का चयन किया।
दूसरी ओर, मेयर पद की उम्मीद लगाए बैठे डॉ. सनी सिंह आहलूवालिया को इस फैसले से बड़ा झटका लगा। संगठन में मजबूत पकड़ रखने वाले आहलूवालिया को पार्टी नेतृत्व के करीबी नेताओं में गिना जाता है।
चुनाव से पहले कांग्रेस पार्षदों ने बैठक का बहिष्कार करते हुए वॉकआउट कर दिया, जबकि शिरोमणि अकाली दल के पार्षद भी बैठक से बाहर चले गए। इसके बावजूद भाजपा और निर्दलीय पार्षदों ने सरबजीत सिंह समाना का समर्थन किया। आम आदमी पार्टी के 27 पार्षदों और अन्य समर्थकों के साथ कुल 35 मत उनके पक्ष में पड़े।
इस दौरान नवनिर्वाचित पार्षदों को भी शपथ दिलाई गई। मोहाली नगर निगम में नए नेतृत्व के गठन के साथ ही शहर के विकास और प्रशासनिक कार्यों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।