दैनिक खबरनामा। चंडीगढ़, 13 जून: शहर के सेक्टर-11डी स्थित पीजीआई के नजदीक श्री कुमार मेडिकल स्टोर में शनिवार दोपहर हुई सनसनीखेज वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्राहक बनकर आए तीन बदमाशों ने मेडिकल स्टोर के कैशियर की गोली मारकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। हमलावरों ने ऑटोमेटिक पिस्टल से महज कुछ सेकंड में 13 गोलियां दागीं। मृतक की पहचान 45 वर्षीय जानकी दास के रूप में हुई है, जो हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू क्षेत्र के निवासी थे। उनकी पत्नी वर्तमान में गांव की सरपंच हैं।

घटना शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे की है। चंडीगढ़ की सबसे व्यस्त मेडिकल मार्केटों में शामिल इस इलाके में अचानक हुई फायरिंग से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरे क्षेत्र को सील कर नाकेबंदी शुरू कर दी।

21 सेकंड तक रेकी करने के बाद बरसाईं गोलियां

सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, दो बदमाश ग्राहक बनकर एससीओ नंबर-14 स्थित मेडिकल स्टोर में दाखिल हुए। दोनों ने चेहरे पर मास्क और सिर पर टोपी पहन रखी थी। वे करीब 21 सेकंड तक दुकान के भीतर खड़े रहकर माहौल का जायजा लेते रहे। इसके बाद उन्होंने काउंटर की आड़ लेकर हथियार निकाले और कैशियर पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, एक हमलावर के पास ऑटोमेटिक पिस्टल थी, जिससे उसने करीब दो सेकंड में 13 गोलियां चलाईं। गोली लगने से कैशियर गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावर बाहर निकले, जहां उनका तीसरा साथी पहले से मोटरसाइकिल पर इंतजार कर रहा था। तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर फरार हो गए।

पुलिस थाना और क्राइम ब्रांच कार्यालय से महज 500 मीटर दूर वारदात

हैरानी की बात यह है कि घटनास्थल से लगभग 500 मीटर की दूरी पर सेक्टर-11 थाना और क्राइम ब्रांच का कार्यालय स्थित है। इसके बावजूद दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने शहर की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी, जांच तेज

घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी सुमेर प्रताप सिंह सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से गोलियों के खोल और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी है।

रंजिश, गैंगस्टर लिंक और रंगदारी के एंगल पर जांच

पुलिस इस हत्याकांड की जांच कई पहलुओं से कर रही है। शुरुआती जांच में व्यक्तिगत रंजिश, गैंगस्टर गतिविधियों और रंगदारी के एंगल को भी खंगाला जा रहा है। मृतक की पत्नी के सरपंच होने के कारण पुलिस इस संभावना की भी जांच कर रही है कि कहीं हत्या के पीछे कोई पुरानी रंजिश तो नहीं है। वहीं, व्यापारियों से रंगदारी मांगने की हालिया घटनाओं को देखते हुए इस पहलू को भी गंभीरता से जांचा जा रहा है।

संदिग्ध बाइक बरामद, नंबर निकला फर्जी

वारदात के कुछ घंटों बाद पुलिस को सेक्टर-3 स्थित बोगनविले गार्डन के बाहर एक संदिग्ध मोटरसाइकिल बरामद हुई। जांच में सामने आया कि बाइक पर तरनतारन का फर्जी नंबर लगाया गया था। पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बाइक छोड़ने के बाद आरोपी किस दिशा में फरार हुए।

लगातार दूसरी बड़ी वारदात से बढ़ी चिंता

हाल के दिनों में चंडीगढ़ में गंभीर आपराधिक घटनाओं में वृद्धि देखी गई है। सेक्टर-9 में दिनदहाड़े हुए प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड और सेक्टर-37 स्थित भाजपा कार्यालय में हुए बम धमाके के बाद अब सेक्टर-11 में हुई यह हत्या अपराधियों के बढ़ते हौसलों और कानून-व्यवस्था के सामने खड़ी चुनौती को उजागर करती है।

Share to :
Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You May Also Like

मोहाली में वेरका की नई पहल: मोबाइल वैन से मिलेगा सस्ता खुला दूध, प्लास्टिक कचरा घटाने पर जोर

दैनिक खबरनामा। मोहाली, 7 जून 2026: पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने और…
Share to :

बलटाना के वार्ड-4 में सड़क पर बना खतरनाक गड्ढा, स्थानीय निवासियों में चिंता

बरसात से पहले मरम्मत की मांग, पार्षद अल्का सैनी ने अधिकारियों से…
Share to :

विश्व साइकिल दिवस पर एमसीएम की साइकिल रैली, दिया हरित और स्वस्थ भविष्य का संदेश

दैनिक खबरनामा। चंडीगढ़, 3 जून :  चंडीगढ़ के विश्व साइकिल दिवस 2026…
Share to :

एमसीएम ने सत्र 2026–27 के लिए कॉलेज एवं छात्रावास प्रॉस्पेक्टस जारी किए

दैनिक खबरनामा। चंडीगढ़, 4 जून 2026: शैक्षणिक सत्र 2026–27 की प्रवेश प्रक्रिया…
Share to :