दैनिक खबरनामा। चंडीगढ़, 20 सितंबर: हाथों में नशा विरोधी नारों वाली तख्तियां, मुंह पर ड्रग्स को ठुकराने का आह्वान और परिवार के प्रति दायित्व निभाने का संकल्प… रविवार को सेक्टर-17 प्लाजा का नजारा कुछ ऐसा ही था, जहां युवा पीढ़ी नशे के विरुद्ध एकजुट दिखी। युवाओं का हौसला बढ़ाने के लिए उनके माता-पिता भी बड़ी संख्या में पहुंचे।
‘Gen Z Against Drugs’ अभियान में चंडीगढ़ के अलावा पंजाब और आसपास के इलाकों से सैकड़ों युवा शामिल हुए। इस दौरान कई युवाओं के साथ उनके अभिभावक भी मौजूद रहे। प्लाजा में एकत्रित युवाओं ने नशे से दूरी बनाए रखने और समाज को नशामुक्त करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम स्थल पर युवाओं के हाथों में जागरूकता पोस्टर देखे गए। विभिन्न कॉलेजों और शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राएं बड़ी ताद में इस मुहिम से जुड़े। कई युवा अपने दोस्तों के साथ आकर इस जन-जागरूकता अभियान का हिस्सा बने, जो इस आयोजन का मुख्य आकर्षण रहा।
आयोजकों ने युवाओं को नशे के घातक परिणामों के बारे में जानकारी देने के साथ-साथ उन्हें खेल, पढ़ाई और अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। मौके पर मौजूद अभिभावकों ने भी युवाओं का उत्साहवर्धन किया, जिससे यह साफ हुआ कि नशे के खिलाफ लड़ाई में परिवार की भूमिका बेहद अहम है।
नाटी किंग कुलदीप शर्मा ने बढ़ाया जोश
हिमाचल प्रदेश के मशहूर लोक कलाकार नाटी किंग कुलदीप शर्मा भी इस कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ और सकारात्मक जीवन जीने का आह्वान किया। उनके आने से युवाओं में अलग ही उत्साह देखने को मिला।
‘Gen Z Against Drugs’ कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा वर्ग को नशा विरोधी सामाजिक मुहिम से जोड़ना है। सेक्टर-17 प्लाजा में यह आयोजन जारी है और लगातार युवाओं की भीड़ बढ़ रही है। आयोजकों की ओर से सभी से अपील की जा रही है कि वे खुद नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके खिलाफ जागरूक करें।