दैनिक खबरनामा।दिल्ली, 24 जून : दिल्ली-एनसीआर में गर्मी और उमस से परेशान लोगों को जल्द राहत मिल सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राजधानी और आसपास के क्षेत्रों के लिए बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। अगले कुछ घंटों के दौरान कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली के जाफरपुर, नजफगढ़, द्वारका, पालम, सफदरजंग, इंडिया गेट, अक्षरधाम, वसंत विहार, आरके पुरम, लाजपत नगर, वसंत कुंज, हौज खास, कालकाजी, महरौली, छतरपुर और अयानगर समेत कई क्षेत्रों में बारिश के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।
दिल्ली के अलावा एनसीआर के गुरुग्राम और मानेसर में भी मौसम करवट ले सकता है। यहां हल्की बारिश, तेज हवाएं और बादलों की गर्जना देखने को मिल सकती है। वहीं हरियाणा के झज्जर, चरखी दादरी, रेवाड़ी, बावल, सोहना, नूंह और आसपास के इलाकों में भी 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बारिश होने का अनुमान है। राजस्थान के भिवाड़ी क्षेत्र में भी मौसम का असर देखने को मिल सकता है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश और तेज हवाओं से तापमान में गिरावट आएगी, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि तेज हवा और खराब मौसम के कारण यातायात प्रभावित हो सकता है तथा कमजोर पेड़ों और शाखाओं के टूटने का खतरा भी बना रहेगा। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।