दैनिक खबरनामा । बारामूला, 25 जून : जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में गुरुवार को एक बड़ा हादसा उस समय हो गया जब न्यू बाईपास क्षेत्र में हाल ही में निर्मित एक पुल अचानक ढह गया। पुल गिरने की घटना में कम से कम 10 लोग घायल हो गए, जिनमें एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे तथा घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल बारामूला पहुंचाया गया।
प्रशासन ने घटना का संज्ञान लेते हुए पुल के ढहने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के पीछे की वजहों का पता लगाने के लिए तकनीकी विशेषज्ञों की टीम को मौके पर भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच चिंता का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने पुल के निर्माण कार्य की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।