दैनिक खबरनामा। चंडीगढ़, 11 अगस्त: चंडीगढ़ में सोमवार को एक साथ चार स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे शहर में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम ने तुरंत एक्शन लिया और सभी प्रभावित स्कूलों में जांच अभियान शुरू करवा दिया।
पुलिस के मुताबिक, सूचना आते ही संबंधित थानों की टीमें मौके पर भेजी गईं। स्कूल परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा घेरा बढ़ाया गया। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड को भी तैनात किया गया। अधिकारियों ने कहा कि अभी तक किसी स्कूल से कोई संदिग्ध सामान या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ है।
किन स्कूलों को मिली धमकी
पुलिस ने जिन चार शिक्षण संस्थानों के नाम बताए हैं वे हैं:
– कॉर्मेल कॉन्वेंट स्कूल, सेक्टर-9बी
– सेंट जॉन्स हाई स्कूल, सेक्टर-26
– सेक्रेड हार्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-26
– सेंट स्टीफंस स्कूल, सेक्टर-45बी
एक ही समय में शहर के अलग-अलग सेक्टरों में स्थित स्कूलों को निशाना बनाए जाने से पुलिस महकमे में हड़कंप की स्थिति बन गई। फिलहाल धमकी किस नंबर से और किस माध्यम से दी गई, इस बारे में पुलिस ने कोई जानकारी साझा नहीं की है। साइबर सेल तकनीकी पहलुओं की जांच में जुटी है।
पहले भी आ चुकी है ऐसी धमकी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कुछ दिन पहले पंजाब एवं हरियाणा सचिवालय में स्थित सीआईएसएफ कंट्रोल रूम को ई-मेल के जरिए बम की धमकी मिली थी। उस समय भी ऑपरेशन सेल और डॉग स्क्वाड ने पूरी जांच की थी, लेकिन कुछ आपत्तिजनक नहीं मिला था।
अभी सभी चारों स्कूलों में तलाशी और सुरक्षा जांच का काम जारी है। पुलिस धमकी भेजने वाले की पहचान और मकसद का पता लगाने के लिए हर पहलू खंगाल रही है।