दैनिक खबरनामा । शिमला, 4 जुलाई: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अब बड़े सियासी फैसलों की तैयारी में है। पार्टी की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की अहम बैठक 16 या 17 जुलाई को कांगड़ा के धर्मशाला में बुलाई गई है।
सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में राज्य की मौजूदा सियासी स्थिति, संगठनात्मक कामकाज और सरकार से जुड़े तमाम मुद्दों पर गहन चर्चा होगी। बैठक की सबसे बड़ी वजह मुख्यमंत्री के नेतृत्व वाली कैबिनेट में संभावित विस्तार और विभागों में फेरबदल माना जा रहा है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल इस बैठक में विशेष रूप से शामिल होंगे। उनके अलावा प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी, सरकार के मंत्री और संगठन से जुड़े नेता भी धर्मशाला में मौजूद रहेंगे। पार्टी के भीतर यह भी चर्चा है कि आने वाले समय की राजनीतिक चुनौतियों से निपटने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए यहां रणनीति बनाई जाएगी।
कैबिनेट विस्तार का मुद्दा सबसे ऊपर
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल शिमला पहुंची हैं। उन्होंने बैठक की तारीख की पुष्टि करते हुए कहा कि धर्मशाला में होने वाली इस मीटिंग में राजनीतिक मसलों पर विस्तार से बातचीत होगी। रजनी पाटिल के अनुसार कैबिनेट के विस्तार से लेकर संभावित बदलावों तक हर पहलू पर राय ली जाएगी। हालांकि उन्होंने यह साफ किया कि अभी किसी अंतिम निर्णय पर मुहर नहीं लगी है।
पिछले काफी समय से राज्य में मंत्रिमंडल के विस्तार और कुछ मंत्रियों के विभाग बदलने की अटकलें चल रही हैं। ऐसे में पीएसी की यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
बूथ तक फोकस
बैठक में सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल, आगामी कार्यक्रमों की योजना और पार्टी को बूथ स्तर तक सक्रिय करने के उपायों पर भी बात होगी।
राजनीतिक जानकारों की नजर अब धर्मशाला बैठक पर टिकी है। माना जा रहा है कि इस मीटिंग के बाद प्रदेश सरकार और कांग्रेस संगठन से जुड़े कई बड़े फैसलों का रास्ता साफ हो सकता है।