दैनिक खबरनामा । जम्मू, 8 जुलाई: जम्मू-कश्मीर विधानसभा सचिवालय ने कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। सचिवालय ने अब सभी अफसरों, कर्मचारियों और अन्य स्टाफ के लिए फेशियल रिकग्निशन अटेंडेंस सिस्टम यानी FRAS के जरिए हाजिरी लगाना अनिवार्य कर दिया है।
जारी किए गए आधिकारिक आदेश में कहा गया है कि अब हर कर्मचारी को कार्यालय पहुंचने और वहां से जाने, दोनों समय अपना चेहरा स्कैन कराकर रिकॉर्ड दर्ज कराना होगा।
नियम तोड़ने पर सीधे ‘एब्सेंट’
सचिवालय के अनुसार पिछले कुछ समय से यह देखा गया था कि कई अधिकारी और कर्मचारी तय समय पर कार्यालय आते-जाते तो हैं, लेकिन FRAS पर अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं कराते। इसे गंभीरता मानते हुए सक्षम अधिकारी ने तुरंत प्रभाव से नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं।
आदेश में साफ कहा गया है कि सचिवालय का प्रत्येक कर्मचारी सुबह कार्यालय पहुंचने पर और शाम को ड्यूटी खत्म कर जाने से पहले अनिवार्य रूप से फेस स्कैन करेगा।
सुबह 9:30 से शाम 5:30 तक तय समय
सचिवालय में कामकाज का समय सुबह 9:30 बजे से शुरू होकर शाम 5:30 बजे तक है। परिपत्र में चेतावनी दी गई है कि अगर कोई भी अधिकारी या कर्मचारी इन दोनों समय पर FRAS के माध्यम से हाजिरी नहीं लगाता है तो उसे उस पूरे दिन अनुपस्थित माना जाएगा।
ऐसी स्थिति में उस दिन का वेतन न तो जारी किया जाएगा और न ही उसका भुगतान किया जा सकेगा। सचिवालय ने कहा है कि अनुशासन बनाए रखने और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए यह फैसला लिया गया है।