दैनिक खबरनामा। मोहाली, 25 जुलाई: शनिवार शाम मोहाली के बनूड़ क्षेत्र के गांव टंगौरी में पुलिस और नशा तस्करों के बीच मुठभेड़ जैसी स्थिति बन गई। सीआईए की टीम को यहां हेरोइन की बड़ी खेप आने की खुफिया सूचना मिली थी। इसी आधार पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की।
पुलिस को घिरता देख तस्करों ने फौरन अपने साथियों को बुला लिया। देखते ही देखते मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई और हमला शुरू कर दिया। आरोपियों ने सीआईए कर्मियों पर अंधाधुंध फायरिंग की और साथ में तलवारों से भी वार किए।
इस हमले में सीआईए स्टाफ के दो जवान जख्मी हो गए। घायलों की पहचान कॉन्स्टेबल परमजीत सिंह और कॉन्स्टेबल जगजीत सिंह के रूप में हुई है। दोनों को गोलियां लगी हैं। वहीं परमजीत सिंह पर हमलावरों ने तलवार से भी हमला किया जिससे वह गंभीर रूप से चोटिल हुए।
घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी और उनके साथी मौके से भाग निकले। आनन-फानन में पुलिस ने घायल दोनों कॉन्स्टेबलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस ने सख्त नाकेबंदी कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।