दैनिक खबरनामा । चंडीगढ़, 8 जुलाई: शराब के नशे में पुलिस नाके पर हंगामा करने का अंजाम अब चौराहे पर खड़े होकर लोगों को समझाने के रूप में सामने आया है। चंडीगढ़ की जिला अदालत ने ऐसे दो युवकों को पारंपरिक सजा के साथ-साथ सामाजिक सेवा की जिम्मेदारी सौंपी है।
मामला रविवार देर रात का है। लुधियाना के समराला निवासी लवजोत सिंह, उम्र 27 साल और गगनप्रीत सिंह, उम्र 27 साल, शराब पीकर सेक्टर-34 और 35 को जोड़ने वाली सड़क पर लगे पुलिस नाके पर पहुंचे। आरोप है कि वहां तैनात पुलिसकर्मियों से दोनों ने बहस शुरू कर दी और अभद्र व्यवहार किया। काफी देर तक चले इस हंगामे के बाद पीसीआर को भी बुलाना पड़ा। पीसीआर टीम से भी इनकी नोकझोंक हुई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया और उनकी फॉर्च्यूनर गाड़ी को जब्त कर लिया गया।
अगले दिन दोनों को चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने कड़ी फटकार लगाते हुए दोनों पर 10 हजार रुपये का आर्थिक दंड लगाया। साथ ही इनका ड्राइविंग लाइसेंस अगले तीन महीने के लिए निलंबित करने का आदेश दिया।
कोर्ट ने सजा के साथ एक अलग पहल भी की। जज ने निर्देश दिए कि अगले चार दिन तक दोनों को रोजाना सेक्टर-16 स्थित मटका चौक पर ड्यूटी देनी होगी। वहां ट्रैफिक पुलिस के साथ खड़े होकर इन्हें हाथों में तख्ती लेकर लोगों को शराब पीकर वाहन न चलाने का संदेश देना है।
अदालत के आदेश के बाद ट्रैफिक पुलिस ने बुधवार से इनकी ड्यूटी शुरू करवा दी। सुबह 11 बजे से लवजोत और गगनप्रीत मटका चौक पर तैनात नजर आए। उनके हाथों में एक तख्ती थी जिस पर ‘डान्ट ड्रिंक एंड ड्राइव’ लिखा हुआ था। कोर्ट का मकसद सजा के साथ-साथ समाज में नशे में गाड़ी चलाने के खिलाफ जागरूकता फैलाना बताया जा रहा है।