दैनिक खबरनामा । पुणे, 9 जुलाई: महाराष्ट्र के पिंपरी-चिंचवड़ के मोशी क्षेत्र में बुधवार को एक इमारत अचानक भरभरा कर गिर गई। हादसे के समय इमारत में मौजूद करीब 15 से 16 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। सूचना मिलते ही बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गए और मलबा हटाने का काम तेजी से शुरू कर दिया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही एनडीआरएफ, सेना, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। युद्धस्तर पर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। भारी मशीनों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है ताकि फंसे लोगों तक जल्द पहुंचा जा सके।
महाराष्ट्र सरकार के मंत्री गिरीश महाजन भी मौके पर पहुंचे और मीडिया को जानकारी दी। उन्होंने बताया, “अभी तक 4 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक इमारत के अंदर अभी 6 से 7 लोग और फंसे हो सकते हैं।”
मंत्री ने आगे कहा कि इमारत का बेसमेंट और उसके ऊपर वाला हिस्सा पूरी तरह मलबे में दब गया है। उसी हिस्से को साफ करने का काम सबसे पहले किया जा रहा है।
प्रशासन के अनुसार, पहले मलबे के नीचे से 4 लोगों की आवाज सुनाई दी थी और कुछ हलचल भी महसूस की गई थी। लेकिन अब वहां से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल रही है। इसी वजह से एनडीआरएफ, और सेना की टीमें और सतर्कता के साथ मलबा हटा रही हैं।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और अधिकारियों से हर पल की अपडेट ले रहे हैं।
अब तक की स्थिति
4 लोगों को बचाया गया: सभी को अस्पताल ले जाया गया है, इलाज जारी है।
बचाव कार्य: मलबा हटाने के लिए विशेष टीमें और भारी उपकरण तैनात किए गए हैं।
सुरक्षा इंतजाम: पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है। आम लोगों की सुरक्षा के लिए आसपास का ट्रैफिक दूसरे रास्तों पर डायवर्ट किया गया है।
फिलहाल राहत दल पूरी ताकत से फंसे लोगों को बाहर निकालने में जुटे हैं।