दैनिक खबरनामा। पंचकूला, 13 जुलाई: जिला नगर योजनाकार कार्यालय ने अवैध बसावट और बगैर इजाजत हो रहे निर्माण के खिलाफ सख्ती दिखाते हुए सोमवार को बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने बरवाला और प्लासरा गांव में विकसित की जा रही दो गैर कानूनी कॉलोनियों को निशाना बनाते हुए वहां बनाए गए कच्चे रास्ते, डीपीसी और प्लाटों की मार्किंग को बुलडोजर से गिरा दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
जिला नगर योजनाकार बबीता गुप्ता ने जानकारी देते हुए कहा कि हरियाणा के नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग से सीएलयू यानी भूमि उपयोग परिवर्तन की अनुमति या लाइसेंस लिए बिना किसी भी तरह की कॉलोनी काटना या निर्माण करना नियमों का उल्लंघन है। विभाग ऐसे मामलों में आगे भी नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करता रहेगा।
उन्होंने लोगों से अपील की कि जमीन खरीदने या निर्माण शुरू करने से पहले यह जरूर जांच लें कि उस प्रोजेक्ट को विभाग से जरूरी सीएलयू और लाइसेंस मिला हुआ है या नहीं।
बबीता गुप्ता ने चेतावनी दी कि बिना अनुमति वाली कॉलोनियों में पैसा लगाने पर लोगों को वित्तीय नुकसान हो सकता है। उन्होंने साफ किया कि जिले भर में अवैध निर्माण और अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।